Noida News: नोएडा । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं ने पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, भरण-पोषण और उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतें आयोग के समक्ष रखीं। सुनवाई के दौरान आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जनसुनवाई में पुलिस विभाग से संबंधित कुल 19 प्रकरण प्रस्तुत किए गए। इनमें से आठ महिलाएं व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुईं, जिनकी शिकायतों पर तत्काल सुनवाई करते हुए मौके पर ही समाधान कराया गया। शेष मामलों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, सहानुभूति और सकारात्मक दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक है। कई बार महिलाएं सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण अपनी बात खुलकर नहीं रख पाती हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे उन्हें विश्वास में लेकर निष्पक्ष और शीघ्र न्याय दिलाएं। उन्होंने पुलिस, महिला कल्याण विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक महिला फरियादी के साथ सम्मानजनक और सहयोगपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य महिला आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। आयोग लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है ताकि किसी भी महिला को उत्पीड़न या अन्याय का सामना न करना पड़े।
छात्राओं के साथ किया शक्ति संवाद
जनसुनवाई के बाद डॉ. मीनाक्षी भराला ने महामाया बालिका इंटर कॉलेज, सेक्टर-44 में आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और संवैधानिक अधिकारों की जानकारी देते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उपलब्ध कानूनी और सरकारी सहायता का आवश्यकता पड़ने पर उपयोग करने की सलाह दी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति, परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी आशीष कुमार सिंह, एडीसी जितेंद्र मौर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

