Protest at Jantar Mantar: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बुधवार को सुरक्षा कारणों से कई मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकासी द्वार बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया कि कुल 16 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट फिलहाल बंद रहेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सफर से पहले संबंधित मेट्रो स्टेशन की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें।
Protest at Jantar Mantar:
डीएमआरसी के अनुसार, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकासी बंद रहेगी। हालांकि राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
सुरक्षा कारणों से उठाया गया कदम
डीएमआरसी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन मेट्रो स्टेशनों को कब तक बंद रखा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय मेट्रो अपडेट जरूर चेक करें।
इससे पहले 20 जुलाई को भी बंद हुए थे स्टेशन
गौरतलब है कि 20 जुलाई को सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान भी दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकासी बंद की गई थी। उस समय पटेल चौक, राजीव चौक, उद्योग भवन, सेवा तीर्थ और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन के गेट बंद किए गए थे।
प्रदर्शनकारियों के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पहुंचने के बाद वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। सुरक्षा एजेंसियों ने हालात को देखते हुए यह कदम उठाया था।
जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन जारी
उधर, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत अन्य मांगों को लेकर सीजेपी युवाओं का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। 20 जुलाई को पुलिस कार्रवाई के बाद भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों की मांगों में गिरफ्तार युवाओं की रिहाई और दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग भी शामिल है। इस बीच सरकार और सीजेपी प्रतिनिधियों के बीच बातचीत की संभावना जताई जा रही है।
Protest at Jantar Mantar:

