ठक-ठक गैंग के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

New Delhi news दक्षिण जिला पुलिस की एंटी आॅटो थेफ्ट स्क्वाड ने कुख्यात ‘ठक-ठक’ गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 लाख रुपये नकद, एक मैकबुक, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, चोरी के औजार तथा वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से दिल्ली और हरियाणा में दर्ज चोरी के तीन मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 30 जून को सूचना मिली थी कि ‘ठक-ठक’ गैंग के दो सक्रिय सदस्य दक्षिण दिल्ली क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर अअळर की टीम ने जाल बिछाकर गंगेश नायडू और विक्रम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी अंतरराज्यीय ‘ठक-ठक’ गैंग के सदस्य हैं। वे ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे जो कार में नकदी या कीमती सामान लेकर चलते थे। आरोपी किसी बहाने वाहन चालक का ध्यान भटकाते और कुछ ही सेकंड में वाहन के भीतर रखा बैग या कीमती सामान चोरी कर स्कूटी से फरार हो जाते थे।
बरामद सामान में ?6 लाख नकद, एक मैकबुक, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, पांच सोने के रंग के कंगन, तीन चेन, करीब 1.1 किलोग्राम चांदी के सामान, एक कलाई घड़ी, सैमसंग ईयरबड्स, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और एक स्कूटी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गंगेश नायडू के खिलाफ चोरी के 34 से अधिक, जबकि विक्रम के खिलाफ चोरी, लूट और अन्य गंभीर धाराओं के 43 आपराधिक मामले दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और कर्नाटक में दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी से अंबेडकर नगर, नेब सराय और गुरुग्राम सेक्टर-65 थाना क्षेत्रों में दर्ज तीन मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और यह भी जांच कर रही है कि बरामद सामान किन-किन लंबित मामलों से संबंधित है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें