आॅपरेशन ‘शस्त्र’ में महज 24 घंटे में छह आरोपी दबोचे

New Delhi news दिल्ली पुलिस की द्वारका जिला पुलिस ने ‘आॅपरेशन शस्त्र : नो गन्स-नो गैंग्स’ के तहत अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के झज्जर जिले के हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध देसी पिस्टल, एक लाइसेंसी पिस्टल, छह मैगजीन, 32 जिंदा कारतूस और एक हुंडई क्रेटा कार बरामद की है।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नजफगढ़ थाना पुलिस लगातार अवैध हथियार रखने वालों और गैंग से जुड़े अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विकास मीणा के निर्देशन तथा एसीपी राज कुमार बजारिया और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर साही राम मीणा की निगरानी में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर इन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने यूईआर-2 रोड पर नांगली सकरावती बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध हुंडई क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने वाहन को घेरकर रोक लिया। तलाशी के दौरान नवीन के कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल, एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि उसके साथी कुणाल के पास से तीन जिंदा कारतूस मिले। दोनों को गिरफ्तार कर शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई में गंदा नाला रोड, जय विहार फेज-1 में गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध रवि शर्मा को दबोचा। उसके कब्जे से एक लोडेड देसी पिस्टल, एक मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ भी शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपी आरोपी झज्जर के हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित था
तीसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि हरियाणा के झज्जर जिले में हत्या के मामले में वांछित आरोपी पंकज उर्फ राकेश उर्फ कालिया प्रेम विहार कॉलोनी, नजफगढ़ में अवैध हथियार के साथ मौजूद है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी झज्जर के हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित था।

New Delhi news

यहां से शेयर करें