New Delhi news नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दिल्ली पुलिस की मध्य जिला पुलिस ने पटेल नगर इलाके में विदेशी नागरिकों से जुड़े एक ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो विदेशी नागरिक ऐसे पाए गए, जो वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से भारत में रह रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 71 ग्राम व्यावसायिक मात्रा (कॉमर्शियल क्वांटिटी) की एम्फेटामाइन बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 25 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि एक विदेशी नागरिक पटेल नगर क्षेत्र में मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना पटेल नगर की टीम ने शादीपुर फ्लाईओवर के पास जाल बिछाकर पहले आरोपी को 54 ग्राम एम्फेटामाइन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद निहाल विहार और निलोठी में लगातार छापेमारी कर उसके दो अन्य साथियों को भी दबोच लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान प्रिंस, मूल निवासी केप टाउन (दक्षिण अफ्रीका), एफोसा मिकेल अटोहन उर्फ लियोन, मूल निवासी बेनिन सिटी (नाइजीरिया) तथा जस्टिन चुकुवा, निवासी निलोठी, दिल्ली के रूप में हुई है। जस्टिन के पिता नाइजीरियाई नागरिक जबकि माता भारतीय हैं।
जांच में पता चला कि प्रिंस वर्ष 2023 में मेडिकल/टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था, जिसका वीजा मार्च 2026 में समाप्त हो चुका था। वहीं एफोसा वर्ष 2019 में स्टूडेंट वीजा पर भारत आया था और उसका वीजा वर्ष 2023 में ही समाप्त हो गया था। इसके बावजूद दोनों अवैध रूप से भारत में रह रहे थे।
आयात-निर्यात की आॅड में एम्फेटामाइन की करते थे सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कपड़ों के आयात-निर्यात का कारोबार करने की आड़ में दिल्ली के विभिन्न इलाकों में एम्फेटामाइन की खरीद-फरोख्त और सप्लाई करते थे। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी मिलकर मादक पदार्थ की खरीद, भंडारण और वितरण का काम कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 71 ग्राम एम्फेटामाइन बरामद की है, जिसमें प्रिंस से 54 ग्राम, एफोसा मिकेल अटोहन से 8 ग्राम और जस्टिन चुकुवा से 9 ग्राम एम्फेटामाइन मिली।
दिल्ली पुलिस अब इस गिरोह के सप्लाई नेटवर्क, आर्थिक लेनदेन, मोबाइल रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्यों तथा अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय कड़ियों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ की आपूर्ति कहा से हो रही थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
New Delhi news

