सेवानिवृत्त हो रहे 179 पुलिसकर्मियों को मिली मानद पदोन्नति

New Delhi news  दिल्ली पुलिस मुख्यालय स्थित आदर्श आॅडिटोरियम में मंगलवार को आयोजित पिपिंग सेरेमनी के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे 179 पुलिसकर्मियों को मानद पदोन्नति (आॅनरेरी रैंक) प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता विशेष पुलिस आयुक्त (प्रोविजनिंग एंड फाइनेंशियल डिवीजन) राजेश खुराना ने की।
इस अवसर पर विशेष पुलिस आयुक्त ने सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस के जवानों ने वर्षों तक पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की जांच करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में कर्मियों का अधिकांश समय अपने सहकर्मियों के साथ बीतता है, इसलिए “दिल्ली पुलिस परिवार” केवल एक शब्द नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सहयोग और आत्मीयता का प्रतीक है।
उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी दिल्ली पुलिस उनके हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
समारोह के दौरान 11 हेड कांस्टेबलों को सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई), 48 सहायक उपनिरीक्षकों को उपनिरीक्षक (एसआई) तथा 120 उपनिरीक्षकों को निरीक्षक (इंस्पेक्टर) की मानद पदोन्नति प्रदान की गई।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
इस अवसर पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सम्मानित किए गए सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी तथा उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

New Delhi news

यहां से शेयर करें