255 गिरफ्तार, करोड़ों की ड्रग्स व नकदी पकड़ी”

New Delhi news  राजधानी में नशे के कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। ‘आॅपरेशन कवच 14.0′ के तहत 48 घंटे तक चले विशेष अभियान में दिल्ली के सभी 15 जिलों में 4035 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान 212 एनडीपीएस मामलों में 255 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि भारी मात्रा में मादक पदार्थ, नकदी, हथियार और अवैध शराब बरामद की गई।
1474 पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा
दिल्ली पुलिस आयुक्त के निर्देश पर 22 जून की शाम 6 बजे से 24 जून की शाम 6 बजे तक चले इस अभियान में 1474 पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। आॅपरेशन में सभी जिला पुलिस, क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल ने समन्वित तरीके से कार्रवाई की। पुलिस ने मानव और तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर संभावित ठिकानों को चिन्हित कर एक साथ छापेमारी की।
भारी मात्रा में ड्रग्स और नकदी बरामद
अभियान के दौरान पुलिस ने 237.466 किलोग्राम गांजा, 5.184 किलोग्राम ओजी (हाइड्रोपोनिक) गांजा, 1.096 किलोग्राम हेरोइन, 159.8 ग्राम कोकीन, 101.1 ग्राम एमडीएमए, 186 ग्राम मेथामफेटामाइन, 366.48 ग्राम चरस, 2640 बुप्रेनोर्फिन टैबलेट, 287 फेनिरामीन इंजेक्शन और 23.27 लाख रुपये से अधिक नकद बरामद किए।
हथियार, अवैध शराब और जुआरियों पर भी कार्रवाई
आॅपरेशन के दौरान 315 आर्म्स एक्ट मामलों में 329 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 6 पिस्टल, 90 देसी कट्टे, 147 कारतूस और 242 चाकू बरामद हुए। वहीं, दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 398 मामलों में 405 लोगों को गिरफ्तार कर 53,448 अवैध शराब की क्वार्टर बोतलें, बीयर और अन्य शराब जब्त की गई। जुआ अधिनियम के तहत भी सैकड़ों लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की नकदी बरामद की गई।
कई बड़े ड्रग नेटवर्क का हुआ खुलासा
आॅपरेशन के दौरान क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने कई बड़े ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। सिविल लाइंस और मलका गंज से दो आरोपियों को पकड़कर ओजी गांजा, कोकीन, एमडीएमए, चरस, हथियार और लाखों रुपये की नकदी बरामद की गई। इसके अलावा कश्मीरी गेट, नरेला, बवाना और कालिंदी कुंज सहित कई इलाकों में ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
”नशामुक्त भारत’ अभियान को मिलेगी मजबूती
दिल्ली पुलिस का कहना है कि ‘आॅपरेशन कवच’ का उद्देश्य केवल ड्रग्स की सप्लाई चेन को तोड़ना ही नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना भी है। लगातार हो रही कार्रवाई के कारण बड़े ड्रग तस्कर भूमिगत हो गए हैं और दिल्ली में मादक पदार्थों की आपूर्ति पर असर पड़ा है। पुलिस ने अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से भी युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें