New Delhi news केंद्रीय जिले की आनंद पर्वत थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के एक सनसनीखेज मामले में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की लगातार निगरानी, तकनीकी सर्विलांस और मानव खुफिया तंत्र की मदद से आरोपी को दबोचने में सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल 2025 को आनंद पर्वत थाने में दर्ज एक मामले में पीड़ित पर सामूहिक हमला किया गया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर पीड़ित को रास्ते में रोककर एक सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
मामले की जांच के दौरान मुख्य आरोपी सुंदर लाल और एक किशोर आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन आरोपी तनवीर लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने पिछले एक वर्ष के दौरान कई स्थानों पर छापेमारी की, उसके सहयोगियों पर नजर रखी तथा संभावित ठिकानों का सत्यापन किया। 14 जून 2026 को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर आरोपी तनवीर निवासी मोती नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित पर हमले में शामिल था। पुलिस अब आरोपी की भूमिका और मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी लूट और डकैती से जुड़े एक मामले में शामिल रह चुका है।
New Delhi news

