New Delhi news अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस (26 जून) के मद्देनजर 12 से 26 जून तक मनाए जा रहे “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा-2026” के तहत दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने पूर्वी दिल्ली के चिन्हित ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।
15 जून को अभियान के दौरान कल्याणपुरी स्थित इंद्रा कैंप सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और इसके सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रमों में छात्रों, युवाओं, आॅटो एवं ई-रिक्शा चालकों, मजदूरों, स्थानीय निवासियों और अन्य नागरिकों ने भाग लिया।
एएनटीएफ अधिकारियों ने लोगों के बीच जागरूकता पंपलेट वितरित किए और नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी। जनसंपर्क वाहन के माध्यम से नशा विरोधी वीडियो भी प्रदर्शित किए गए तथा व्याख्यान आयोजित कर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे नशे के कारोबार, तस्करी या सेवन से जुड़ी किसी भी जानकारी को साझा कर दिल्ली पुलिस की मदद करें। इसके लिए मैनस राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1933, एएनटीएफ अथवा स्थानीय पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया गया। पुलिस ने आश्वस्त किया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
शाहदरा, उत्तर-पूर्वी और पूर्वी जिलों में नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग प्रतियोगिता
इस दौरान शाहदरा, उत्तर-पूर्वी और पूर्वी जिलों में नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग प्रतियोगिता और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। पुलिस के अनुसार हजारों लोगों ने इन कार्यक्रमों में भाग लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और सुरक्षित, स्वस्थ तथा नशा मुक्त दिल्ली के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया गया।


New Delhi news

