- द्वारका कोर्ट ने वीर साहू को सपना चौधरी से मिलने और संपर्क करने से रोका।
- अदालत ने पुलिस और प्रोटेक्शन ऑफिसर को सहयोग के निर्देश दिए।
- कोर्ट आदेश के बाद वीर साहू ने सोशल मीडिया पर रील साझा की।
- सपना ने पति पर मारपीट सहित गंभीर आरोप लगाए हैं।
- ससुराल पक्ष ने पूरे विवाद पर फिलहाल चुप्पी साध रखी है।
Haryanvi dancer Sapna Choudhary : नई दिल्ली/हिसार। हरियाणवी डांसर और गायिका सपना चौधरी तथा उनके पति वीर साहू के बीच चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। द्वारका कोर्ट ने सपना चौधरी की याचिका पर सुनवाई करते हुए वीर साहू को उनसे मिलने और किसी भी प्रकार से संपर्क करने पर रोक लगा दी है। अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए याचिकाकर्ता को आवश्यक सुरक्षा और सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
Haryanvi dancer Sapna Choudhary :

कोर्ट के आदेश के बाद बुधवार को वीर साहू ने सोशल मीडिया पर एक रील साझा की। वीडियो में एक व्यक्ति उनके सिर पर पगड़ी बांधता दिखाई दे रहा है, जबकि बैकग्राउंड में नुसरत फतेह अली खां की मशहूर गजल ‘आंख उठी मोहब्बत ने अंगड़ाई ली’ बज रही है। वीडियो में वीर साहू मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। हालांकि उन्होंने विवाद या कोर्ट के आदेश पर कोई प्रत्यक्ष टिप्पणी नहीं की।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सपना चौधरी ने अपने पति पर मारपीट समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। याचिका, हलफनामों और अदालत में प्रस्तुत कथित फोटो व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने प्रथम दृष्टया मामले को सुनवाई योग्य मानते हुए अंतरिम राहत प्रदान की है।
अदालत ने संबंधित प्रोटेक्शन ऑफिसर और स्थानीय थाना प्रभारी को आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने तथा याचिकाकर्ता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, रिश्तों में आई खटास के बीच सपना चौधरी के सास-ससुर ने पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है। उन्होंने अब तक न तो मीडिया के सामने कोई बयान दिया है और न ही विवाद पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया व्यक्त की है। गौरतलब है कि सपना चौधरी और वीर साहू ने वर्ष 2020 में प्रेम विवाह किया था।

