मोबाइल स्नैचिंग में 51 मुकदमों वाले दो बदमाश गिरफ्तार

 

New Delhi news उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने सुभाष प्लेस क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नैचिंग की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए दोनों मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी पहले से 51 आपराधिक मामलों में शामिल पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पहली घटना 3 जून की रात एनएसपी बस स्टैंड के पास हुई थी। शिकायतकर्ता शिवम पराशर रेस्टोरेंट में भोजन करने के बाद मोबाइल से कैब बुक कर रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो युवक उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। दूसरी वारदात 5 जून को पीतमपुरा स्थित वरदान सैंडोज के पास हुई, जहां श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज आॅफ कॉमर्स की छात्रा वैष्णवी का मोबाइल फोन स्कूटी सवार बदमाशों ने छीन लिया था।
दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर थाना सुभाष प्लेस की टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल, मुखबिरों से मिली जानकारी और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी के बाद पुलिस ने विकास और नितेश त्रिपाठी उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर लूट, स्नैचिंग, चोरी, घरों में चोरी और आर्म्स एक्ट के कुल 51 मामले दर्ज हैं।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आसान तरीके से पैसा कमाने और महंगे शौक पूरे करने के लिए अपराध करते थे। पुलिस अब उनके अन्य मामलों में भी शामिल होने की जांच कर रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान विकास निवासी शकूरपुर और नितेश त्रिपाठी उर्फ लाला निवासी ऋषि नगर, रानी बाग के रूप में हुई है। इनमें विकास के खिलाफ 14 और नितेश के खिलाफ 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

New Delhi news

यहां से शेयर करें