New Delhi news दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी में अतिक्रमण तथा अवैध पार्किंग के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए 144 स्थानों पर कार्रवाई की। 3 से 6 जून तक चले इस संयुक्त अभियान के दौरान हजारों अतिक्रमण हटाए गए और बड़ी संख्या में वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय एवं जोन-1 की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विजयंता गोयल आर्या ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सड़कों की क्षमता बढ़ाना, पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और लोगों को अधिकृत पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके लिए प्रमुख सड़कों, बाजारों, फुटपाथों और यातायात प्रभावित क्षेत्रों में विशेष कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत 1,264 रेहड़ी-पटरी हटाई गईं, 1,015 अतिक्रमण साफ किए गए तथा 3,123 अवैध रूप से खड़े वाहनों को जब्त या टो किया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 55,532 चालान जारी किए गए।
पहले चरण में कमला नगर के स्पार्क मॉल, ग्रेटर कैलाश-1 के एम-ब्लॉक मार्केट, हौज खास, कुतुब रोड, निजामुद्दीन बस्ती और परेड ग्राउंड क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। दूसरे चरण में साकेत, चर्च मिशन रोड, पुष्प विहार रोड, शालीमार बाग, यूसुफ सराय, अलकनंदा कॉम्प्लेक्स, गीता कॉलोनी, लक्ष्मी नगर और कड़कड़डूमा कोर्ट के आसपास कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहते हैं एमसीडी के आयुक्त
एमसीडी आयुक्त ने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा, अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ निगम की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। वहीं विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक प्रबंधन) ने नागरिकों से केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और सड़कों व फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की।
New Delhi news

