Noida News। थाना फेस.1 क्षेत्र के हरौला गांव में देर रात एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्य जब छत पर चैन की नींद सो रहे थे, तभी एक दरिंदे ने धारदार हथियार लेकर उन पर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार की महिला मुखिया की मौत हो गई, जबकि पति और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एसी मैकेनिक ने एक तरफा प्यार में इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
कैसे हुई वारदात
ग्राम हरौला स्थित राजकुमार के मकान में किराए पर रहने वाला सुरेंद्र शर्मा का परिवार 23 और 24 मई की दरम्यानी रात छत पर सो रहा था। गर्मी की रात में परिवार के लोग खुले आसमान के नीचे सो रहे थे, तभी किसी अज्ञात हमलावर ने मौके का फायदा उठाते हुए धारदार हथियार से सोते हुए परिवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में सुरेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी संजू देवी और दो पुत्रियां घायल हो गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल में मौत, बाकी की हालत स्थिर
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने संजू देवी को मृत घोषित कर दिया। घायल पति सुरेंद्र शर्मा और बेटी को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
आरोपी की पहचान हो चुकी है
एडिशनल डीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हमलावर पीड़ित परिवार के पास ही रहता है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसे दबोचने के लिए कई विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फॉरेंसिक टीम ने खंगाला मौका-ए-वारदात
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की। साक्ष्य जुटाए गए और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: यमुना किनारे पांच लाख पौधे लगाएगा नोएडा लोकमंच, ‘ऑक्सीजन बैंक’ बनाने की बड़ी तैयारी

