ट्रम्प प्रशासन से एक और बड़ी विदाई, एरन लुकास संभालेंगे कार्यवाहक डायरेक्टर की ज़िम्मेदारी
तुलसी गैबार्ड: अमेरिका के राष्ट्रीय ख़ुफ़िया तंत्र की प्रमुख तुलसी गैबार्ड ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया। तुलसी गैबार्ड ने डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (DNI) के पद से अचानक इस्तीफ़ा दिया, यह कहते हुए कि वे अपने पति की बीमारी के कारण यह पद छोड़ रही हैं।
पति को दुर्लभ हड्डी के कैंसर का पता चला
गैबार्ड ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को लिखे अपने इस्तीफ़े के पत्र में कहा कि उनके पति अब्राहम विलियम्स को हाल ही में हड्डी के एक अत्यंत दुर्लभ प्रकार के कैंसर का पता चला है। उन्होंने लिखा — “इस समय मुझे सार्वजनिक सेवा से हटकर उनके पास रहना होगा और इस लड़ाई में उनका पूरा साथ देना होगा।” उनका इस्तीफ़ा 30 जून 2026 से प्रभावी होगा। गैबार्ड ने यह पत्र सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
ओवल ऑफ़िस में मिलकर राष्ट्रपति को सूचित किया
गैबार्ड ने व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रम्प से ओवल ऑफ़िस में मुलाकात कर उन्हें इस्तीफ़े का पत्र सौंपा। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति अब्राहम उनके ग्यारह साल के विवाहिक जीवन में “उनकी सबसे बड़ी ताकत” रहे हैं चाहे उनकी पूर्वी अफ्रीका में सेना की तैनाती हो, कई राजनीतिक अभियान हों या यह पद।
ट्रम्प ने की तारीफ, एरन लुकास को कार्यवाहक प्रमुख नियुक्त किया
राष्ट्रपति ट्रम्प ने Truth Social पर लिखा — “दुर्भाग्य से, शानदार काम करने के बाद तुलसी गैबार्ड 30 जून को प्रशासन छोड़ रही हैं। उनके प्रिय पति अब्राहम को हाल ही में एक दुर्लभ हड्डी के कैंसर का पता चला है, और वे सही ही उनके साथ रहकर उन्हें स्वस्थ करने में जुटना चाहती हैं। तुलसी ने अविश्वसनीय काम किया है और हम उन्हें बहुत याद करेंगे।” ट्रम्प ने यह भी घोषणा की कि प्रिंसिपल डिप्टी डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस एरन लुकास कार्यवाहक DNI के रूप में कार्यभार संभालेंगे। लुकास ट्रम्प के पहले कार्यकाल में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में यूरोप और रूस मामलों के उप वरिष्ठ निदेशक रह चुके हैं।
कौन हैं तुलसी गैबार्ड?
तुलसी गैबार्ड हवाई से पूर्व डेमोक्रेटिक सांसद हैं, जो बाद में अपनी पार्टी से अलग हो गईं और रिपब्लिकन पार्टी में शामिल हो गईं। 2024 में उन्होंने ट्रम्प का समर्थन किया था। DNI के रूप में उन्होंने 18 एजेंसियों और संगठनों के विशाल अमेरिकी ख़ुफ़िया तंत्र का नेतृत्व किया। उन्होंने 12 फरवरी 2025 को यह पद संभाला था।
ट्रम्प प्रशासन से चौथी महिला कैबिनेट सदस्य की विदाई
गैबार्ड हाल के महीनों में ट्रम्प प्रशासन छोड़ने वाली चौथी महिला कैबिनेट सदस्य हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले दो हफ्ते पहले तक गैबार्ड इस्तीफ़े की अफवाहों को नकार रही थीं, लेकिन शुक्रवार को उन्होंने औपचारिक रूप से पद छोड़ने की घोषणा कर दी। अमेरिकी ख़ुफ़िया जगत में गैबार्ड का कार्यकाल विवादों से भी अछूता नहीं रहा, लेकिन उनके इस व्यक्तिगत फ़ैसले को सभी पक्षों ने सम्मान के साथ स्वीकार किया है।

