समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव का बुधवार की सुबह मात्र 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया। प्रतीक यादव को सुबह लगभग पाँच बजे अस्वस्थ पाए जाने की सूचना मिलते ही अस्पताल की मेडिकल टीम उनके आवास पर पहुँची, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहाँ सुबह 5:55 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रसोई में बेसुध होकर गिरे प्रतीक
परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि प्रतीक की अचानक तबीयत बिगड़ी और वे घर में रसोई में बेसुध होकर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में सिविल अस्पताल ले जाया गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का राज़ उजागर
केजीएमयू के डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी की निगरानी में किए गए पोस्टमॉर्टम में मौत के कारण का खुलासा हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म के कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स हुआ — यानी फेफड़ों की नस में खून का थक्का जमने से दिल और सांस दोनों एक साथ रुक गए। सूत्रों के अनुसार प्रतीक यादव लंबे समय से फेफड़ों से संबंधित समस्याओं से जूझ रहे थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि शरीर के निचले हिस्से से खून का थक्का ऊपरी हिस्से में गया, जिससे आर्टरी और फेफड़ों में संक्रमण हो गया। प्रारंभिक रिपोर्ट में शरीर पर किसी बाहरी चोट का कोई निशान नहीं मिला है। आगे की जांच के लिए हार्ट और विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शरीर पर मिले सभी चोटों के निशान एंटेमॉर्टम अर्थात मृत्यु से पहले के हैं।
राजनीति से दूर, कारोबार और फिटनेस में थी रुचि
यद्यपि प्रतीक एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से थे, लेकिन उन्होंने सक्रिय राजनीति से हमेशा दूरी बनाए रखी। वे फिटनेस के प्रति उत्साही थे और कारोबार पर ध्यान केंद्रित रखते थे। प्रतीक, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे और मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे।
योगी से लेकर अखिलेश तक — सियासी दलों में शोक की लहर
प्रतीक यादव के निधन की खबर ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ा दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन को “अत्यंत दुःखद” बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “इस कठिन समय में हम परिवार के साथ खड़े हैं।” समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया, “प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।” सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें “एक अच्छे इंसान” के रूप में याद करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
कल दोपहर पिपरा घाट पर होगा अंतिम संस्कार
प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 12:30 बजे लखनऊ के पिपरा घाट पर किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर उनकी पत्नी अपर्णा यादव के लखनऊ स्थित आवास पर लाया गया है, जहाँ बड़ी संख्या में नेता और समर्थक अंतिम दर्शन के लिए पहुँच रहे हैं। सपा नेत्री डिंपल यादव और शिवपाल यादव भी शोक व्यक्त करने पहुँचे।

