दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला टीम ने राजधानी में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए कुख्यात गोगी/दिनेश कराला गैंग से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 17 अवैध हथियार, 106 जिंदा कारतूस और दो एसयूवी बरामद किया है।
इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में गठित टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गैंग के मुख्य फाइनेंसर राहुल उर्फ डोगरा को उस समय दबोचा, जब वह अपने साथी से मिलने आया था। पुलिस को देखकर उसने महिंद्रा थार से गलत दिशा में भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। उसके पास से चार हथियार बरामद हुए।
पूछताछ में जांच में खुलासा हुआ कि गैंग को हथियार सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी सुरेंद्र उर्फ काला है, जो पहले से एक अन्य मामले में जेल में बंद था। कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट लेकर उसे इस मामले में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर हापुड़ में छापेमारी कर 65 वर्षीय इकबाल को गिरफ्तार किया, जो विभिन्न आपराधिक गिरोहों को हथियार सप्लाई करता था। उसके घर से पांच अवैध हथियार और 21 कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह दिल्ली के बाहरी क्षेत्रों में जबरन वसूली और जमीन कब्जाने जैसी आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। सोशल मीडिया के जरिए हथियारों का प्रदर्शन कर युवाओं को गैंग में शामिल करने का प्रयास भी किया जा रहा था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए आगे की जांच में जुटी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें