Greater Noida gang rape and murder case: ग्रेटर नोएडा। हल्दौनी गांव में 6 वर्षीय बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी, जिसे बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी और नोएडा महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने परिवार तक पहुंचाया।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि हल्दौनी गांव में हुई इस वारदात ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंताजनक स्थिति उजागर की है। भाटी ने आरोप लगाया कि अपराधी तत्वों के हौसले बढ़े हुए हैं, जिस वजह से बेटियां और बहनें खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव लगातार महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर मुखर रहे हैं। भाटी के मुताबिक, मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई अहम फैसले लिए थे। सुधीर भाटी ने बताया कि वे जिलाधिकारी से भी मिल चुके हैं और पीड़ित परिवार को आगे भी आर्थिक सहायता दिलाने की मांग रखी है, जिस पर प्रशासन की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिला है।
एनकाउंटर में मारा गया था आरोपी
गौरतलब है कि इस मामले के आरोपी बलराज की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, इकोटेक-3 थाना पुलिस जब आरोपी को हिरासत में लेकर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कराने ले जा रही थी, तभी उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बलराज को गोली लगी और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। आरोपी की मौत के बाद ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने नोएडा पुलिस की भूमिका की सराहना की थी। इससे पहले ग्रामीणों ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और उनकी टीम को सम्मानित भी किया था, यह कहते हुए कि पुलिस ने तत्परता से सही कार्रवाई की।

