पश्चिम एशिया संकट की आंच: सेंसेक्स 959 अंक टूटा, रुपया सर्वकालिक निचले स्तर 95.07 पर

Share Market:

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य पर मंडराती अनिश्चितता के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली का दौर देखा गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बाद घरेलू बेंचमार्क सूचकांक बुरी तरह फिसल गए। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 959.22 अंक यानी 1.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,537.14 के स्तर पर आ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 285.66 अंक यानी 1.18 प्रतिशत कमजोर होकर 23,892.00 के स्तर पर पहुंच गया।

मुद्रा बाजार में भी हाहाकार मचा रहा। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर 95.07 पर जा पहुंचा। बाजार में घबराहट का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (इंडिया वीआईएक्स) 4.90 अंक उछलकर 18.29 पर पहुंच गया।

विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी भी बाजार की कमजोरी का बड़ा कारण बनी हुई है। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने बुधवार को भारतीय बाजार से 2,468.42 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी निकाल ली। विशेषज्ञों के अनुसार एफपीआई लगातार भारतीय इक्विटी और डेट दोनों की बिक्री कर रहे हैं — डेट का प्रतिफल बुधवार को 7 प्रतिशत तक पहुंच गया था — और वे लगातार डॉलर के खरीदार बने हुए हैं, जिससे रुपये पर दबाव और बढ़ता जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: खुर्जा तिहरे हत्याकांड: मुख्य आरोपी जीतू सैनी मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल

यहां से शेयर करें