New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल ने रविवार को अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गाजीपुर गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 0.5 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन (क्रैंक) बरामद किया है। पुलिस ने दावा किया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कोकीन की कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने रविवार को बताया कि क्राइम ब्रांच के इंटर स्टेट सेल यूनिट को 10 अप्रैल को सूचना मिली थी कि बरेली से दिल्ली-एनसीआर में कोकीन की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर गाजीपुर गोलचक्कर के पास जाल बिछाकर बरेली निवासी जावेद हुसैन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी तलाशी में 456 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद हुई।
पूछताछ में जावेद ने खुलासा किया कि बरामद मादक पदार्थ उसे बरेली निवासी सोइब खान ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने जावेद को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर 22 अप्रैल को बरेली में स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी की और सोइब खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि जावेद उत्तर-पूर्वी दिल्ली की एक जींस फैक्टरी में काम करता है, जबकि सोइब खान के खिलाफ कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। दोनों आरोपी अशिक्षित हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपितों से पूछताछ के आधार पर सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। साथ ही मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला और नेटवर्क से जुड़े अन्य ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
New Delhi news

