Janmashtami Festival: सेक्टर-105 में इस्कॉन की भव्य प्रभात फेरी, हरिनाम संकीर्तन से गूंजा वातावरण

Janmashtami Festival: नोएडा, श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) मंदिर, नोएडा द्वारा सेक्टर-105 में एक अत्यंत भव्य और भक्तिमय ‘प्रभात फेरी’ का आयोजन किया गया।  इस प्रभात फेरी के दौरान ‘हरे कृष्ण हरे राम’ के महामंत्र संकीर्तन, मृदंग की मधुर थाप और मंजीरों की दिव्य झंकार से पूरा क्षेत्र कृष्णमय होकर हरि-भक्ति के अनूठे रस में सराबोर हो उठा। प्रभात फेरी के आगमन पर सेक्टर-105 के आरडब्ल्यूए (निवासी संघ) अध्यक्ष श्री दिव्य कृष्णात्रेय के आवास पर इस्कॉन मंदिर से पधारे परम पूज्य संतों एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं का अति-आत्मीय, भव्य और भावुक स्वागत किया गया।  द्वार पर पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और आरती उतारकर संतों की अगवानी की गई।

संतों का आशीर्वाद और जन्माष्टमी महोत्सव का निमंत्रण

इस पावन घड़ी में इस्कॉन के वरिष्ठ संतों ने भगवान श्री राधा-गोविंददेव जी के चरणों में विशेष प्रार्थना करते हुए आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री दिव्य कृष्णात्रेय, उनके परिजनों तथा सेक्टर-105 के प्रत्येक निवासी के जीवन में सुख-समृद्धि, निरोगी काया, परम शांति एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अपना दिव्य आशीर्वाद एवं मंगलकामनाएं प्रदान कीं।

इस्कॉन मंदिर के पूज्य संतों ने आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री दिव्य कृष्णात्रेय के माध्यम से समस्त सेक्टर-105 वासियों को आगामी 4 सितंबर को इस्कॉन मंदिर, नोएडा में आयोजित होने वाले विराट एवं अभूतपूर्व ‘श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव’ में सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित सम्मिलित होने का स्नेहपूर्ण निमंत्रण सौंपा।  संतों ने जानकारी दी कि जन्माष्टमी के इस पावन पर्व पर प्रातः 4:30 बजे से ही मंगला आरती के साथ अलौकिक धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों की अविरल धारा प्रवाहित होने लगेगी।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के उद्गार

इस अद्भुत और भक्तिमय क्षणों पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री दिव्य कृष्णात्रेय ने संतों का कोटि-कोटि आभार प्रकट किया और कहा कि हमारे संपूर्ण सेक्टर के लिए यह अत्यंत सौभाग्य और गौरव का क्षण है कि इस्कॉन मंदिर के महान संतों के पावन चरण हमारे घर और सेक्टर की धरा पर पड़े हैं।  संतों का यह मंगल आशीर्वाद और हरिनाम संकीर्तन का यह पावन सुर हम सभी के जीवन में कल्याण, शांति और नई चेतना का संचार करेगा।

इस पावन अवसर पर सेक्टर-105 के अनेक गणमान्य नागरिक, आरडब्ल्यूए के सम्मानित पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं, बुजुर्ग व युवा उपस्थित रहे। सभी ने संकीर्तन की धुन पर झूमते हुए प्रभु श्री कृष्ण की भक्ति का असीम आनंद उठाया।

पृष्ठभूमि: नोएडा में जन्माष्टमी की भव्य तैयारियां

इस्कॉन नोएडा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव इस बार भव्य स्वरूप में मनाया जाएगा। मुख्य आयोजन चार सितंबर को होगा, जबकि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला 23 अगस्त से ही शुरू हो गया था।  मंदिर प्रबंधन के अनुसार देश-विदेश से करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मान है।इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष वंशीधर दास ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 23 अगस्त को शोभायात्रा से हुई थी।  जन्माष्टमी से पहले मंदिर में 23 से 28 अगस्त तक झूलन यात्रा का आयोजन किया गया।

जन्माष्टमी 2026 की प्रमुख तिथियां:

4 सितंबर 2026: श्री कृष्ण जन्माष्टमी (मुख्य पर्व)

5 सितंबर 2026: इस्कॉन संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद की व्यास पूजा

3-5 सितंबर 2026: तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव

इस वर्ष भाद्रपद मास की कृष्ण पक्ष की अष्टमी उदया से लेकर मध्यरात्रि के बाद तक रहेगी। साथ ही रोहिणी नक्षत्र एवं वृषभ राशि में चंद्रमा भी इस दिन रहने से पर्वकालीन अष्टमी तिथि का दुर्लभ संयोग बन रहा है।

यह भी पढ़ें: Resignation of IAS officer Divya Mittal: राजस्व विभाग की विशेष सचिव ने छोड़ी नौकरी, भावुक पोस्ट वायरल

यहां से शेयर करें