यूट्यूबर सलीम वास्तिक 31 साल पुराने किडनैपिंग व मर्डर केस में गिरफ्तार

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 31 साल पुराने अपहरण व हत्या के मामले में फरार चल रहे कुख्यात आरोपी और खुद को सोशल एक्टिविस्ट व यूट्यूबर बताने वाले सलीम खान उर्फ सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी क्राइम संजय कुमार यादव ने बताया कि आरोपी 1995 में दर्ज एक सनसनीखेज केस में वांछित था, मामले में उसने अपने साथी अनिल के साथ मिलकर 13 वर्षीय छात्र का अपहरण कर 30 हजार रुपए की फिरौती मांगी थी और बाद में उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद को मृत घोषित करवा दिया था और पहचान बदलकर सलीम वास्तिक नाम से लोनी में रह रहा था। वह पिछले कई वर्षों से हरियाणा और उत्तर प्रदेश में ठिकाने बदलता रहा।
पुलिस के अनुसार, 1997 में अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वर्ष 2000 में दिल्ली हाई कोर्ट से उसे अंतरिम जमानत मिली, लेकिन वह फरार हो गया। बाद में 2011 में हाई कोर्ट ने उसकी सजा बरकरार रखी।
क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली कि आरोपी नई पहचान के साथ लोनी में रह रहा है। इसके बाद टीम ने तकनीकी साक्ष्य, फिंगरप्रिंट और पुराने रिकॉर्ड के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि की और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जमानत पर छूटने के बाद वह करनाल और अंबाला में छिपा रहा और बाद में लोनी में बस गया, जहां उसने दुकान खोल ली थी।
डीसीपी क्राइम संजय कुमार यादव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
New Delhi news

यहां से शेयर करें