नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश की पहल: नोएडा में चलेंगी 50 सिटी बसें , चार प्रमुख रूटों पर मिलेगी सुविधा, बॉटेनिकल गार्डन बस स्टैंड पर बनेगे 4 चार्जिंग प्वाइंट

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश की पहल:  नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश की पहल पर शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा देने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के साथ समन्वय कर 50 सिटी बसें संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इन बसों का संचालन चार प्रमुख रूटों पर किया जाएगा। पहला रूट सेक्टर-90 (डिपो) व बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ चौक (एक मूर्ति) तक होगा। दूसरा रूट सेक्टर-90 व बॉटेनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्ट तक संचालित किया जाएगा। तीसरा रूट सेक्टर-90 से बॉटेनिकल गार्डन होते हुए सेक्टर-62 तक जाएगा। वहीं चौथा रूट सेक्टर-90 व बॉटेनिकल गार्डन से फेस-2 नोएडा होते हुए सूरजपुर कलेक्ट्रेट, ग्रेटर नोएडा तक रहेगा।

बसों के संचालन के लिए सेक्टर-90 में बस डिपो, ई-चार्जिंग प्वाइंट, सर्विस स्टेशन तथा ड्राइवर-कंडक्टर के लिए वर्कशॉप सहित सभी आवश्यक सुविधाएं नोएडा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। बसों का संचालन यूपीएसआरटीसी द्वारा निर्धारित किराए पर किया जाएगा, जबकि संचालन पर होने वाले वीजीएफ (वायबिलिटी गैप फंडिंग) का खर्च नोएडा प्राधिकरण वहन करेगा।

इसके तहत सेक्टर-90 बस डिपो में 20 ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जहां 50 बसों को चार्ज करने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा बॉटेनिकल गार्डन बस स्टैंड पर 4 चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे, जहां 8 बसें चार्ज हो सकेंगी। अधिकारियों के अनुसार मोरना बस डिपो में भी ई-चार्जिंग प्वाइंट पहले से ही तैयार किए जा चुके हैं। इस योजना के लागू होने से नोएडा वासियों को बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-62, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, जेवर एयरपोर्ट, फेस-2 औद्योगिक क्षेत्र और सूरजपुर कलेक्ट्रेट तक सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही शहर में छोटे वाहनों के कारण लगने वाले जाम में भी कमी आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: प्राक्कलन समिति की सभापति मुकेश चौधरी ने योजनाओं व बजट को लेकर की समीक्षा बैठक

यहां से शेयर करें