नई दिल्ली/जेवर। जेवर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने संसद भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में उन्होंने चोला रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और उसे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्रभावी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करने के विषय पर विस्तृत चर्चा की।
चोला स्टेशन बनेगा मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब
बैठक के दौरान विधायक धीरेन्द्र सिंह ने चोला रेलवे स्टेशन को मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की जोरदार पैरवी की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल जेवर एयरपोर्ट बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई गति देगी।
विधायक ने रेल मंत्री के समक्ष कई अहम बिंदु रखे, जिनमें चोला स्टेशन का आधुनिक पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं का विस्तार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तेज रेल कनेक्टिविटी, क्षेत्र में प्रस्तावित नई रेल लाइन का शीघ्र अनुमोदन, प्रमुख ट्रेनों का ठहराव और स्टेशन को लॉजिस्टिक्स एवं औद्योगिक विकास के केंद्र के रूप में विकसित करना शामिल रहा।
विधायक बोले — युवाओं, किसानों और उद्योगों को मिलेगा सीधा लाभ
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक है, ऐसे में चोला रेलवे स्टेशन का सशक्त और आधुनिक होना अत्यंत जरूरी है। इससे क्षेत्र के युवाओं, किसानों और उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा और यह परियोजना विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
रेल मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि रेल मंत्रालय द्वारा प्रस्तावों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाएगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
जेवर बनेगा निवेश और रोजगार का नया केंद्र
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में जेवर क्षेत्र इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश और रोजगार के एक नए केंद्र के रूप में उभरेगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में अनूप शहर के विधायक संजय शर्मा भी विधायक जेवर के साथ उपस्थित रहे।

