ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कल साइक्लोथॉन 2026: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कल रविवार को एचसीएल साइक्लोथॉन 2026 के चैथे संस्करण का आयोजन हो रहा है। भारत के प्रमुख साइक्लिंग इवेंट्स में शुमार इस प्रतियोगिता के चलते सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक क्षेत्र में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। स्थानीय निवासियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की योजना बना लें।
इवेंट की खास बातें
एचसीएल ग्रुप और साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस साइक्लोथॉन का मुख्य स्टार्ट पॉइंट गौर सिटी मॉल के पास से है। रेस सुबह 4:45 बजे से शुरू होगी। प्रतियोगिता में 10 किमी, 23-25 किमी और 55-60 किमी की तीन श्रेणियां हैं, जिनमें अमेच्योर रोड रेस और एमटीबी रेस शामिल हैं। इवेंट में 30 लाख रुपये का आकर्षक प्राइज पूल रखा गया है। 16 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागी परिवार और दोस्तों के साथ इसमें हिस्सा ले सकते हैं।
कहां-कहां रहेगा असर?
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, एकमूर्ति गोलचक्कर से डी-पार्क चैकी तक मुख्य मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा गढ़ी चैक से तिलपता गोलचक्कर और तिलपता से गौर सिटी चैक तक भारी व मध्यम मालवाहक वाहनों पर रोक लगाई गई है। मुख्य रूप से 130 मीटर रोड यानी ग्रेटर नोएडा वेस्ट लिंक रोड पर वाहन नहीं चल सकेंगे।
वैकल्पिक मार्ग क्या हैं?
ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न श्रेणियों के वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक रास्ते सुझाए हैं। भारी वाहन चालक NH-24 से छिजारसी, मॉडल टाउन गोलचक्कर और सेक्टर 62/60 अंडरपास होते हुए एलिवेटेड रोड का उपयोग कर सकते हैं। पर्थला से गौर चैक होकर शाहबेरी या गाजियाबाद जाने वाले वाहन किसान चैक से तिगरी गोलचक्कर और ताज हाईवे के रास्ते जा सकते हैं। कार, बाइक, ऑटो और ई-रिक्शा जैसे छोटे वाहन सर्विस रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने क्षेत्र के निवासियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पहले से यात्रा की योजना बनाएं ताकि किसी को अनावश्यक परेशानी न हो। यह इवेंट दोपहर 12 बजे तक संपन्न होने की उम्मीद है, उम्मीद है की उसके बाद यातायात सामान्य हो जाएगा।

