New Delhi news दिल्ली पुलिस के 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस मुख्यालय, जय सिंह रोड में कमिश्नर आॅफ पुलिस दिल्ली सतीश गोलछा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र का अनावरण किया।
पुलिस मुख्यालय की बाहरी कांच की दीवार पर 32 फीट ऊंची 3डी इंस्टॉलेशन के रूप में स्थापित यह चित्र लौह पुरुष को श्रद्धांजलि स्वरूप लगाया गया है। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति में समारोह आयोजित किया गया।
सीपी दिल्ली ने मुख्यालय के स्वागत कक्ष में देश का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना ट्रॉफी प्रदर्शित करने के लिए विशेष रूप से तैयार ट्रॉफी विट्रिन का भी अनावरण किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में एक पौधा भी रोपा।
स्थापना दिवस के अवसर पर सीपी दिल्ली ने पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट और कैरेक्टर वेरिफिकेशन रिपोर्ट के लिए नई वेब/टैब आधारित एप्लीकेशन लॉन्च की। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म आम जनता को सुरक्षित, पारदर्शी और त्वरित सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से स्पेशल ब्रांच द्वारा पूरी तरह डिजिटाइज्ड प्रक्रिया में सत्यापन किया जाएगा और आवेदन के 21 दिनों के भीतर प्रमाणपत्र आवेदक के ई-मेल पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसे स्मार्ट और तकनीक-आधारित पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जे जे प्रीमियर लीग (टी-10) क्रिकेट टूनार्मेंट का शुभारंभ
सीपी दिल्ली ने न्यू पुलिस लाइंस के शॉर्ट फायरिंग रेंज, परेड ग्राउंड में जे जे प्रीमियर लीग (टी-10 क्रिकेट टूनार्मेंट) का भी उद्घाटन किया। यह आयोजन संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस अवसर पर स्पेशल सीपी लॉ एंड आॅर्डर जोन-1 रविंद्र यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह टूनार्मेंट युवाओं में शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
सीपी दिल्ली ने लॉन्च किया पीसीसी-सीवीआर डिजिटल ऐप, जे जे प्रीमियर लीग का भी शुभारंभ

