महाराष्ट्र में बारिश का कहर: मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद, 13 लोगों की मौत, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

Mumbai Rain Update:

Mumbai Rain Update: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में आज स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया है। मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।

Mumbai Rain Update:

भारी बारिश से अब तक 13 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में पिछले दो दिनों से जारी बारिश और तेज हवाओं ने भारी तबाही मचाई है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के मुताबिक, बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। वहीं, करीब 100 मकानों को नुकसान पहुंचा है और बाढ़ प्रभावित इलाकों से कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

बारिश के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के तटीय और पश्चिमी हिस्सों में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। लोनावला में पिछले 48 घंटों में 625 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रायगढ़ में 236 मिमी, ठाणे में 161 मिमी, रत्नागिरी में 152 मिमी, पालघर में 132 मिमी और मुंबई के अलग-अलग इलाकों में 100 से 161 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।

कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर

लगातार बारिश के कारण महाराष्ट्र की कई नदियां उफान पर हैं। उल्हास, कालू और पिंजल नदियां चेतावनी स्तर पार कर चुकी हैं, जबकि अंबा, सावित्री, कुंडलिका, पातालगंगा, जगबुडी और उल्हास नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

प्रशासन ने बदलापुर, मोहाने और जांभुलपाड़ा जैसे इलाकों में बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मुंबई में इमारत गिरने से छह लोगों की मौत

बारिश के बीच मुंबई में कई हादसे सामने आए हैं। मानखुर्द इलाके में एक इमारत झुग्गी बस्ती पर गिर गई, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं, मुंबई के उपनगरीय इलाके में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई।

ठाणे में इमारत का हिस्सा गिरने से दो लोग घायल हुए हैं। पालघर और सिंधुदुर्ग में डूबने से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। सिंधुदुर्ग में तेज हवाओं के कारण करीब 30 मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

Mumbai Rain Update: भूस्खलन का खतरा, पर्यटन स्थलों पर रेड अलर्ट

लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। माथेरान, लोनावला, खोपोली और लोहागढ़ जैसे पर्यटन स्थलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं।

पुणे जिले की मावल तहसील के पाटन गांव में भूस्खलन के कारण एक मकान प्रभावित हुआ, जिसमें चार लोग फंस गए थे। वहीं, तलेगांव-दाभाड़े के पास बाढ़ के पानी में यात्रियों से भरी एक बस फंस गई। एनडीआरएफ की टीम ने बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जलभराव से यातायात प्रभावित

रायगढ़ जिले की सुधागढ़ तहसील में बाढ़ का पानी बढ़ने से एक परिवार के छह सदस्य, जिसमें छह महीने का बच्चा भी शामिल था, घर की छत पर फंस गए थे। राहत टीम ने नाव की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

भूस्खलन और जलभराव के कारण मुंबई-गोवा हाईवे, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और खोपोली हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। कशेड़ी घाट में भूस्खलन के कारण लंबा जाम लग गया था। प्रशासन ने राहत कार्य के बाद कई मार्गों पर आवाजाही बहाल कर दी है।

विदर्भ में बारिश का इंतजार

जहां महाराष्ट्र के तटीय और पश्चिमी हिस्से भारी बारिश से जूझ रहे हैं, वहीं विदर्भ क्षेत्र के कई जिले अब भी पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे हैं। वर्धा, अकोला, अमरावती, यवतमाल और चंद्रपुर समेत कई जिलों में बारिश की कमी दर्ज की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और नदी-नालों व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।

Mumbai Rain Update:

यहां से शेयर करें