कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की सख्ती का कमाल, पुलिस ने लैपटॉप चोरों के शातिर गैंग का किया भंडाफोड़, लैपटॉप समेत लाखों का माल बरामद

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने वाहनों के शीशे तोड़कर लैपटॉप चोरी करने वाले शातिर गैंग का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारियों के साथ ही पुलिस ने 31 चोरी के लैपटॉप, तीन लैपटॉप बैग, चोरी के उपकरण, 14 हजार रुपये नकद और फर्जी नंबर प्लेट वाली चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जा रही है, जिसका असर अब साफ दिख रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर ग्राम सोरखा में घेराबंदी कर गैंग के लविश कुमार (पतवाड़ी निवासी), अंकित यादव (पतवाड़ी निवासी) और राजेन्द्र वर्मा (अमेठी मूल निवासी, सादुल्लापुर हाल निवासी) को धर दबोचा गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी नोएडा-ग्रेटर नोएडा के मॉल, रेस्टोरेंट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में रात के समय चोरी की बाइक से पहुंचते थे।

आरोपियों का modus operandi बेहद शातिर था। छोटी टॉर्च से कारों में लैपटॉप बैग की ताकझांक करने के बाद पोर्टेबल शीशा तोड़ने वाली मशीन से कुछ ही सेकंड में शीशा तोड़कर लैपटॉप लूट लेते थे। चोरी का माल सुनसान जगहों पर छिपाते और बाद में बेचकर पैसा बांटते। पुलिस जांच में सामने आया कि इनके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक चोरी के मामले दर्ज हैं। अब अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

बरामद सामान की पूरी सूची:

• 31 चोरी के लैपटॉप

• 03 लैपटॉप बैग

• टॉर्च और शीशा तोड़ने वाली पॉकेट मशीन

• ₹14,000 नकद

• फर्जी नंबर प्लेट सहित चोरी की मोटरसाइकिल

• 01 हेल्थ कार्ड

निरीक्षक प्रमोद कुमार की टीम की सूझबूझ, सतर्कता और तकनीकी निगरानी की सराहना हो रही है। स्थानीय व्यापारी और निवासियों ने इसे अपराधियों के लिए बड़ा संदेश बताया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि पूछताछ जारी है। क्षेत्र में सक्रिय अन्य चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है। कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने टीम को बधाई देते हुए आगे भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें: सामान्य जन चेतना मंच ने गिरीश मिश्रा को सौंपी जिला अध्यक्ष को कमान, बधाइयों का तांता

यहां से शेयर करें