डेटिंग ऐप के जरिए ठगी, दो महिलाएं गिरफ्तार

New Delhi news  दक्षिण-पश्चिम जिला साइबर थाना पुलिस ने डेटिंग ऐप के जरिए ठगी और मोबाइल चोरी के मामले में दो महिलाओं ज्योत्सना (26) और मानशी (21) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी डेटिंग ऐप प्रोफाइल बनाकर 67 वर्षीय व्यक्ति से संपर्क किया और बाद में उसका मोबाइल चोरी कर बैंक खातों से 1.30 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की 24 जुलाई को डिफेंस कॉलोनी के एक रेस्तरां में दोनों महिलाओं से मुलाकात हुई थी। भोजन के बाद उसका मोबाइल चोरी हो गया। इसके बाद उसके दो बैंक खातों से यूपीआई के जरिए रकम ट्रांसफर की गई, जिसमें से 90 हजार रुपये एटीएम से निकाले गए।
जांच में सीसीटीवी फुटेज, बैंकिंग लेन-देन और तकनीकी निगरानी से आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, ज्योत्सना ने फर्जी प्रोफाइल बनाकर पीड़ित से संपर्क किया था, जबकि मानशी ने खुद को प्रोफाइल में दिखाई गई महिला बताकर उससे मुलाकात की। जांच में यह भी सामने आया कि सबूत मिटाने के लिए चोरी किया गया मोबाइल बाद में नष्ट कर दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें