गौतमबुद्धनगर पुलिस की दोहरी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह और क्रिप्टो ठगों का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 19 जून 2026 को एक साथ दो बड़े मामलों में सफलता हासिल करते हुए कुल चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एक ओर थाना सेक्टर-58 पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया, तो दूसरी ओर थाना सेक्टर-20 पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को धर दबोचा।

लग्जरी वाहन चोर गिरोह का खुलासा, तीन कारें बरामद

थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सेक्टर-54 स्थित खरगोश पार्क के पास से नीरज शर्मा और अजय सरकार को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की महिंद्रा थार, हुंडई क्रेटा और फोर्ड इकोस्पोर्ट बरामद हुई। इसके अलावा आरोपी नीरज शर्मा के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी लग्जरी वाहन शोरूम और सर्विस सेंटरों के बाहर रेकी करके गार्ड रूम से चाबियां चुराते थे और मौका मिलते ही वाहन लेकर फरार हो जाते थे। चोरी के बाद इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर वाहनों को असम बॉर्डर क्षेत्र के डीलरों के माध्यम से मिजोरम और त्रिपुरा में बेच दिया जाता था। बरामद महिंद्रा थार सेक्टर-59 स्थित कॉन्सेप्ट महिंद्रा शोरूम से, इकोस्पोर्ट दिल्ली से, जबकि क्रेटा वर्ष 2023 में दिल्ली से चोरी की गई थी, जिसका पहले से मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने इस मामले का खुलासा महज 24 घंटे में कर दिया। पूछताछ में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि आरोपी अब तक करीब 60 चोरी की गाड़ियां इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के जरिए बेच चुके हैं। गिरफ्तार नीरज शर्मा उत्तराखंड के उधम सिंह नगर का निवासी है और उसके खिलाफ वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं, जबकि अजय सरकार पश्चिम बंगाल के कोच बिहार का रहने वाला है और उसका भी आपराधिक इतिहास है। पुलिस गिरोह के अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

क्रिप्टो करेंसी के नाम पर ठगी, साढ़े ग्यारह लाख रुपये बरामद

इसी दिन थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से कैम्ब्रिज स्कूल, सेक्टर-27 के पास सर्विस रोड से उमेर खान और अनुराग पारासरी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के बैग से 11 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद, पीएनबी बैंक की एक चेकबुक, एक डेबिट कार्ड और आधार कार्ड बरामद हुआ। गिरफ्तार उमेर खान (22 वर्ष) सेक्टर-50 नोएडा का निवासी और बीबीए स्नातक है, जबकि अनुराग पारासरी (22 वर्ष) मूल रूप से बरेली का है और सेक्टर-128 नोएडा में रह रहा था तथा बी.कॉम स्नातक है। जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को क्रिप्टो करेंसी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। बरामद नकदी और दस्तावेजों के चोरी व धोखाधड़ी से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। थाना सेक्टर-20 पर मु0अ0सं0 233/2026 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है, और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने कितने लोगों को निशाना बनाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने NEET परीक्षा की सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर लगाया कड़ा पहरा; हर जोन में निरीक्षण, विशेष टीमें तैनात

यहां से शेयर करें