Noida International Airport : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान नवी मुंबई के लिए शुरू होने की संभावना है। दोनों प्रमुख औद्योगिक शहरों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के उद्देश्य से इस रूट को प्राथमिकता दी जा रही है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी हैं, जबकि लॉन्च कैरियर के रूप में इंडिगो एयरलाइंस 10 मई से टिकट बुकिंग शुरू कर सकती है।
Noida International Airport :
एयरपोर्ट संचालन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार शुरुआती चरण में नवी मुंबई को शीर्ष प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा बेंगलुरु के लिए भी उड़ान शुरू करने की योजना है। इंडिगो की रणनीति के तहत मुंबई के साथ-साथ बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद, गोवा, जयपुर, लखनऊ और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों को भी इस एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। वहीं अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपने-अपने नेटवर्क के अनुसार उड़ान शुरू करने की योजना पर काम कर रही हैं और प्रस्ताव दे चुकी हैं।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) द्वारा 15 जून से उड़ान संचालन शुरू करने की घोषणा के बाद एयरपोर्ट पर सॉफ्ट ट्रायल भी शुरू हो गए हैं। इन ट्रायल्स के जरिए यात्रियों के आगमन से पहले स्टाफ को सभी व्यवस्थाओं से परिचित कराया जा रहा है। वेंडर्स और स्टाफ के एंट्री पास भी जारी किए जा रहे हैं, ताकि एयरपोर्ट को समय से पहले पूरी तरह तैयार किया जा सके।
8000 करोड़ का निवेश, देरी से हुआ नुकसान
एयरपोर्ट के निर्माण और संचालन की जिम्मेदारी यापल के पास है, जिसने करीब 8000 करोड़ रुपये का निवेश किया है। वहीं प्रदेश सरकार द्वारा लगभग 18,000 करोड़ रुपये जमीन अधिग्रहण पर खर्च किए जा रहे हैं। उड़ान संचालन में देरी के चलते कंपनी को प्रतिदिन लगभग दो करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।
दिल्ली-हिंडन एयरपोर्ट पर घटेगा दबाव
इस एयरपोर्ट के शुरू होने से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और हिंडन एयरपोर्ट पर विमानों का दबाव कम होने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने के बाद यहां यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि संभावित है।
70 उड़ानों का प्रस्ताव
अधिकारियों के मुताबिक एयरलाइंस कंपनियों से अभी तक लगभग 70 उड़ानों के प्रस्ताव मिल चुके हैं। इंडिगो की वेबसाइट के अनुसार मुंबई, पटना, लखनऊ, अयोध्या सहित कई शहरों के लिए उड़ान शुरू करने की योजना है। इसके अलावा अन्य एयरलाइंस भी अपने शेड्यूल तय कर रही हैं, जिसमें बेंगलुरु और वाराणसी के बीच उड़ान की संभावना भी शामिल है।
Noida International Airport :

