नोएडा। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन्स (फोनरवा) की वार्षिक आमसभा रविवार को सेक्टर-52 स्थित फोनरवा कार्यालय में अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विभिन्न सेक्टरों की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की शुरुआत अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने कहा कि फोनरवा नोएडा के लाखों नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि नोएडा प्राधिकरण, पुलिस और अन्य विभागों के साथ लगातार संवाद एवं समन्वय के कारण शहर में विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
फोनरवा के महासचिव के.के. जैन ने वर्ष 2025-26 की गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी का चुनाव 14 दिसंबर 2025 को दो वर्षों के लिए हुआ था। इस दौरान सदस्य आरडब्ल्यूए, नोएडा प्राधिकरण, नोएडा पुलिस, यूपीपीसीएल तथा अन्य सरकारी विभागों के सहयोग से कई महत्वपूर्ण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।
बैठक में पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, सड़कों के विकास, डॉग शेल्टर, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई। महासचिव ने बताया कि नोएडा पुलिस के साथ सेक्टर स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं तथा आरडब्ल्यूए के सहयोग से साइबर फ्रॉड के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि फोनरवा की लंबे समय से चली आ रही मांग पर नोएडा प्राधिकरण द्वारा सिटी बस सेवा शुरू कर दी गई है, जिससे शहर के हजारों नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने लगी है। बैठक में भविष्य की विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए भी कई सुझावों पर चर्चा हुई। बैठक के समापन पर अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फोनरवा आगे भी नोएडा के नागरिकों के हितों की रक्षा, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और शहर के समग्र विकास के लिए पूरी सक्रियता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

