Noida Wedding Villa Banquet Hall Lift Accident: वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल में अचानक अटकी लिफ्ट, 20 मिनट तक फंसे रहे 6 लोग; पुलिस ने सुरक्षित निकाला, बड़ा हादसा टला

Noida Wedding Villa Banquet Hall Lift Accident: नोएडा, नोएडा में लिफ्ट से जुड़ी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। गुरुवार (30 जुलाई 2026) को सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल में चलती लिफ्ट अचानक झटके के साथ बीच में अटक गई। लिफ्ट में सवार छह लोग करीब 20 मिनट तक अंदर फंसे रहे। सूचना मिलते ही सेक्टर-49 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बड़ा हादसा समय रहते टल गया।

घटना उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की ओर से आयोजित व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। हालांकि जिस लिफ्ट में खराबी आई, उसमें वे सवार नहीं थे। वे दूसरी लिफ्ट का इस्तेमाल कर रहे थे और पूरी तरह सुरक्षित रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट झटके के साथ अचानक रुक गई। अंदर फंसे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। बाहर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और हॉल कर्मचारियों ने मिलकर लिफ्ट का दरवाजा खुलवाया। सभी छह लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया। थाना प्रभारी सेक्टर-49 ने बताया कि सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्थिति सामान्य हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि लिफ्ट में तकनीकी खराबी कैसे आई और नियमित रखरखाव की स्थिति क्या थी।

लिफ्ट सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पिछले कुछ समय से लिफ्ट अटकने और फंसने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रदेश में लिफ्ट एक्ट लागू होने के बावजूद ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। इससे बैंक्वेट हॉल, सोसायटी और सार्वजनिक इमारतों में लिफ्टों की सुरक्षा, नियमित सर्विसिंग और आपातकालीन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और कार्यक्रम में शामिल लोगों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बड़े कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी होनी चाहिए। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर भी लिफ्टों की खराब मेंटेनेंस और समय पर जांच न होने की शिकायत की। पुलिस ने बैंक्वेट हॉल प्रबंधन से लिफ्ट की सर्विसिंग रिपोर्ट मांगी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी लोग सुरक्षित हैं और हादसा टलने से राहत की सांस ली गई है।

यह भी पढ़ें: Bhiwandi Building Collapse: भिवंडी में जर्जर कोहिनूर इमारत ढही, 3 की मौत; मलबे में 5-10 मजदूर फंसे, NDRF का रेस्क्यू जारी

यहां से शेयर करें