Noida cyber fraudsters: नोएडा। सेक्टर-49 निवासी एक कारोबारी साइबर जालसाजों के झांसे में आकर 1.13 करोड़ रुपए गंवा बैठे। ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर पहले वॉट्सऐप पर संपर्क किया, खुद को मार्केट एक्सपर्ट बताया और फिर एक वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए कारोबारी को अपने जाल में फंसाया। मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वॉट्सऐप मैसेज से शुरू हुआ खेल
पुलिस को दी शिकायत में 42 वर्षीय कारोबारी ने बताया कि 8 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया था। बातचीत के दौरान सामने वाले शख्स ने खुद को शेयर मार्केट का विशेषज्ञ बताया और भरोसा जीतने के बाद उन्हें “बीएनआई स्टॉक मार्केट कोच मुंबई” नाम के वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने एक वेबसाइट पर कारोबारी की आईडी बनवाई और निवेश के लिए अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजनी शुरू कर दी।
शुरुआती मुनाफे ने बढ़ाया भरोसा
कारोबारी ने सबसे पहले 50 हजार रुपए निवेश किए, जिसके बदले उन्हें 9 हजार रुपए का मुनाफा दिखाया गया। रोज मुनाफे के स्क्रीनशॉट भेजे जाते थे, जिससे कारोबारी को यकीन हो गया कि उनका पैसा सही जगह लग रहा है और लगातार कमाई हो रही है।
भरोसा पक्का होने के बाद कारोबारी ने बड़ी रकम निवेश करनी शुरू कर दी:
14 दिसंबर: 10 लाख रुपए
17 दिसंबर: दो किस्तों में 30 लाख रुपए
19 दिसंबर: 12 लाख रुपए
31 दिसंबर: दो किस्तों में 10 लाख रुपए
इसी तरह कई ट्रांजेक्शन के जरिए कारोबारी ने कुल 1.13 करोड़ रुपए आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
पैसे मांगने पर टूटा भरोसा
मार्च 2026 में जब कारोबारी को पैसों की जरूरत पड़ी और उन्होंने निवेश की रकम निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय उलटा और रकम जमा करने के लिए कहा। इसी बात से कारोबारी को शक हुआ। उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश जारी रखी, लेकिन जून 2026 तक उन्हें एहसास हो गया कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। वॉट्सऐप पर दिए गए नंबरों पर कई बार कॉल और मैसेज किए गए, मगर आरोपियों ने जवाब देना पूरी तरह बंद कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
ठगी का एहसास होने के बाद कारोबारी ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस उन बैंक खातों और लेनदेन का ब्योरा खंगाल रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई थी, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। साइबर ठगी से बचने के लिए किसी भी अनजान वॉट्सऐप ग्रुप या वेबसाइट के जरिए निवेश करने से पहले सत्यापन जरूर करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल (cybercrime.gov.in) या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

