Noida Cyber Crime: नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में साइबर ठगों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किए गए फर्जी वीडियो के जरिए एक 59 वर्षीय व्यक्ति को निवेश के जाल में फंसाकर 70 लाख 90 हजार 65 रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का AI जनरेटेड वीडियो दिखाकर इसे वित्त मंत्रालय की योजना बताया था।
फेसबुक विज्ञापन देखकर हुआ भरोसा
सुपरटेक इकोविलेज वन सोसाइटी निवासी विनोद कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि इस साल जनवरी में उन्होंने फेसबुक पर एक निवेश संबंधी विज्ञापन देखा, जिसमें पीएम मोदी और वित्त मंत्री का वीडियो इस्तेमाल किया गया था। वीडियो में दावा किया गया था कि मात्र 22,500 रुपये निवेश करने पर भारी रिटर्न मिलेगा। सरकारी योजना और दोनों नेताओं की मौजूदगी देखकर पीड़ित को भरोसा हो गया।
16 बार में ट्रांसफर कराए 70 लाख से ज्यादा
विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क करने के बाद पीड़ित ने बताए गए खाते में पहले 22,500 रुपये जमा किए। इसके बाद वाट्सऐप पर शर्मा नाम की एक महिला ने संपर्क कर अधिक निवेश पर ज्यादा मुनाफे का लालच दिया। इसके चलते 28 जनवरी को 1.50 लाख और 3 मार्च को 50 हजार रुपये और जमा कराए गए। मई में ठगों ने पीड़ित को बताया कि उनके निवेश से 4.32 लाख रुपये की कमाई हो चुकी है, जिससे भरोसा और मजबूत हुआ। इसके बाद पीड़ित ने कुल 16 किश्तों में 70,90,065 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पैसे मांगने पर बंद मिले फोन
4 अगस्त को जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगने के लिए संपर्क किया तो आरोपियों के फोन बंद मिले। इसके बाद 5 अगस्त को साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई। शनिवार को इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पुलिस की जांच जारी
डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों का पता लगाया जा रहा है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: Noida News: नोएडा के 350 किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी

