Noida News: नोएडा, नोएडा प्राधिकरण किसानों के 5 प्रतिशत कोटे के लंबे समय से लंबित भूखंडों का आवंटन जल्द पूरा करने की तैयारी में जुट गया है। प्राधिकरण का लक्ष्य दीवाली से पहले 350 से अधिक पात्र किसानों को प्लॉट सौंपना है। सेक्टर-146 समेत अन्य सेक्टरों में इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, 5 प्रतिशत कोटे के करीब 350 भूखंड अभी आवंटित होने बाकी हैं। पात्र किसानों की सूची तैयार कर ली गई है। सभी किसानों के मामलों का एक साथ निस्तारण किया जाएगा, ताकि लंबित प्रक्रिया जल्द पूरी हो सके।
ड्रॉ से तय होगी प्लॉट की लोकेशन
भूखंडों की लोकेशन को लेकर अक्सर विवाद होता रहा है। इसे देखते हुए इस बार पूरी प्रक्रिया ड्रॉ के जरिए कराई जाएगी। ड्रॉ में ही तय होगा कि किस किसान को कौन-सी लोकेशन का भूखंड मिलेगा। यदि किसी किसान के नाम कॉर्नर प्लॉट निकलता है तो उसे वही प्लॉट मिलेगा। पार्क के सामने या 12 मीटर से अधिक चौड़ी सड़क पर स्थित भूखंड जैसी अन्य लोकेशन भी ड्रॉ के आधार पर तय की जाएंगी।
एक साथ होगा सभी मामलों का निस्तारण
अधिकारियों का कहना है कि यदि हर किसान का मामला अलग-अलग निपटाया गया तो प्रक्रिया में काफी समय लगेगा। इसलिए सभी पात्र किसानों की सूची तैयार कर एक साथ आवंटन की योजना बनाई गई है। इससे लंबे समय से लंबित मामलों का जल्द निस्तारण हो सकेगा।
दीवाली से पहले पूरा करने की तैयारी
ओएसडी क्रांति शेखर ने बताया कि किसानों के 5 प्रतिशत कोटे के लंबित भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र किसानों की सूची तैयार की जा रही है और प्रयास है कि दीवाली से पहले 350 से अधिक किसानों को भूखंड आवंटित कर दिए जाएं। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे, इसके लिए प्लॉट की श्रेणी और लोकेशन ड्रॉ के माध्यम से तय की जाएगी।

