नोएडा के ब्रह्माकुमारी केंद्रों पर धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, लीना दीदी ने बताया आत्मिक जागरण का संदेश

नोएडा,  शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित ब्रह्माकुमारी राजयोग केंद्रों पर गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़ी धूमधाम, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सेक्टर 46, सेक्टर 51, सेक्टर 56 और सेक्टर 15 के केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी लीना दीदी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जन्माष्टमी के आध्यात्मिक महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा, “श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल द्वापर युग की ऐतिहासिक घटना का स्मरण नहीं है, बल्कि यह आत्मिक परिवर्तन और दिव्य गुणों को धारण करने का प्रतीक है।” लीना दीदी ने बताया कि श्रीकृष्ण सोलह कला संपूर्ण, पवित्र और दैवीय गुणों की पराकाष्ठा के प्रतीक हैं। उनका जन्म इस बात का संकेत है कि पवित्रता और दिव्यता से युक्त सतयुग (स्वर्ग) की स्थापना कैसे होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर आत्मा अपने संस्कारों को शुद्ध करके श्रीकृष्ण के समान दिव्य और चैतन्य स्वरूप बन सकती है, बशर्ते दृढ़ संकल्प हो।

उन्होंने आगे कहा, “यह पर्व हमें अंदर की वासनाओं और विकारों को समाप्त कर आत्मिक बल जगाने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि आत्मा के जागरण का आह्वान है। प्रेम, शांति और आनंद जैसे गुणों को जीवन में अपनाना ही सच्ची जन्माष्टमी है।” कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मनमोहक नृत्य और भक्ति गीतों ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। अंत में सभी श्रद्धालुओं को सात्विक प्रसाद वितरित किया गया। ब्रह्माकुमारी विश्व विद्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने आत्मिक शांति का अनुभव किया और जन्माष्टमी के आध्यात्मिक संदेश को आत्मसात किया।

यह भी पढ़ें: नोएडा चोटपुर कॉलोनी में बिजली कनेक्शन कटने से 50 हजार लोग अंधेरे में, सपा ने 48 घंटे में बहाली की चेतावनी दी

यहां से शेयर करें