तमिलनाडु का रहने वाला आरोपी, रेकी कर रात में करता था वारदात, चोरी का सामान कूरियर से भेजता था अपने गृह राज्य
थाना सेक्टर-126 पुलिस ने पीजी, हॉस्टल और किराए के मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 6 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक अवैध चाकू और 12,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में नोएडा ज़ोन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एसीपी फर्स्ट और एसएचओ सेक्टर-126 के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बीते कुछ महीनों से नोएडा ज़ोन के थाना क्षेत्र 126, 49, 39, 20 और 24 में कई ऐसी घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें पीजी और किराए के मकानों में रह रहे युवा जब रात को सो जाते थे, तभी आरोपी मौका पाकर उनके लैपटॉप और मोबाइल फोन चोरी कर ले जाता था। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम लगातार काम कर रही थी, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में हुए कई खुलासे
पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है। वह ट्रेन से दिल्ली आकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास रुका करता था। पुलिस के अनुसार, बीते दो-तीन महीनों से वह लगातार नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में आकर पहले रेकी करता, फिर मौका मिलते ही लैपटॉप और मोबाइल फोन की चोरी करता था। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वह चुराया गया सामान कूरियर के माध्यम से दक्षिण भारत के अपने राज्य में भेज देता था। इसके बाद एक हफ्ते से दस दिन तक नोएडा क्षेत्र में रुककर वह वापस अपने गृह जनपद लौट जाता था और कुछ समय बाद फिर से वारदात के इरादे से लौट आता था।
अदालत में पेश, आगे की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में अभिरक्षा हेतु प्रस्तुत किया है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य विवेचनात्मक कार्रवाई प्रचलित है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने और किन-किन इलाकों में इसी तरीके से वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि पीजी और हॉस्टल में रहने वाले युवाओं को अपने कीमती सामान को लेकर सतर्क रहना चाहिए और सोते समय दरवाजे-खिड़कियां भलीभांति बंद रखनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, एक साथ 125 डिप्टी एसपी इधर से उधर

