New Delhi news नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल प्रदर्शन समाप्त होते रात में ही सफाई कर्मियों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एनडीएमसी की सभी टीमें तत्काल मैदान में उतर गईं और जंतर-मंतर, टॉलस्टॉय रोड, संसद मार्ग, जयसिंह रोड, जनपथ तथा कनॉट प्लेस के आसपास के क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर सफाई, धुलाई और मरम्मत का कार्य किया गया। सफाई अभियान के दौरान लगभग 60 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया। इसके लिए 8 आॅटो टिपर, 2 भारी ट्रक, 1 जेसीबी तथा 3 हाई-प्रेशर जेटिंग मशीनों का उपयोग किया गया।
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य जल्द और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। कार्य पूरा होने के बाद उन्होंने दोपहर फिर से जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि पूरा क्षेत्र साफ, सुरक्षित और आम नागरिकों के लिए पूरी तरह तैयार है।
चहल ने कहा कि इस अभियान में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सिविल इंजीनियरिंग तथा उद्यान विभागों ने संयुक्त रूप से कार्य किया। रात से दिन तक 500 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान में भाग लेते हुए सड़कों, फुटपाथों, डिवाइडरों, हरित पट्टियों, दीवारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई, धुलाई, मरम्मत एवं पुनर्स्थापन का कार्य किया।
एनडीएमसी की टीमें सक्रिय
चहल ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन समाप्त होने के तुरंत बाद ही एनडीएमसी की टीमें सक्रिय हो गई थीं और परिषद द्वारा पूरे प्रदर्शन स्थल की सफाई किसी भी अन्य प्रतीकात्मक सफाई गतिविधि से पहले ही पूरी कर ली गई थी।
निरीक्षण के दौरान चहल ने सिविल इंजीनियरिंग विभाग के कार्यों की समीक्षा की। विभाग द्वारा लगभग 50 कर्मचारियों की तैनाती की गई। 4 जेटिंग मशीनों से सड़कों एवं फुटपाथों की धुलाई, दीवारों पर लिखे नारों को हटाकर पुन: रंगाई-पुताई, क्षतिग्रस्त कर्ब स्टोन तथा फुटपाथों की मरम्मत का कार्य किया गया।
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष ने कार्यों का भी किया निरीक्षण
चहल ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। उन्हें बताया गया कि रातभर 75 सफाई कर्मचारी तथा सुबह से 35 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात रहे। अभियान के दौरान लगभग 60 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया। इसके लिए 8 आॅटो टिपर, 2 भारी ट्रक, 1 जेसीबी तथा 3 हाई-प्रेशर जेटिंग मशीनों का उपयोग किया गया।
चहल ने उद्यान विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। विभाग ने हरित पट्टियों, डिवाइडरों एवं उद्यान क्षेत्रों की सफाई, रखरखाव एवं पुनर्स्थापन का कार्य कर क्षेत्र की हरियाली और सौंदर्य को पुन: स्थापित किया।
New Delhi news

