New Delhi news पूर्वी जिला पुलिस ने लक्ष्मी नगर इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया एप्पल मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की है। दोनों आरोपी आदतन अपराधी बताए जा रहे हैं, जिनका पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 की रात करीब 12:10 बजे लालिता पार्क निवासी आफताब आलम मंसूर ने शिकायत दी थी कि वह घर से चाय पीने निकले थे। जैसे ही वह लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास सर्विस रोड पर पहुंचे, पीछे से स्कूटी पर आए दो युवकों ने उनका सफेद रंग का एप्पल मोबाइल फोन छीन लिया और गलत दिशा में वाहन चलाते हुए मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना लक्ष्मी नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अन्य मामलों में तो शामिल नहीं रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा उर्फ राहुल (28), निवासी काजीपुरा, मेरठ (उत्तर प्रदेश) और अमन उर्फ देवेंद्र (30), निवासी सिद्धार्थ बस्ती, मुल्तानी ढांडा, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पहले भी हत्या, चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में संलिप्त रहे हैं।
New Delhi news

