हथियार सप्लाई करने वाला मेवात गैंग का कि या भंडाफोड़

New Delhi news  द्वारका जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान नो गन्स, नो गैंग्स के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार सप्लाई करने वाले मेवात आधारित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अब तक आरोपियों के कब्जे से 14 पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार अवैध हथियारों पर रोक लगाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट की निगरानी में यह अभियान चलाया जा रहा है।
मामले की शुरूआत सितंबर 2025 में हुई, जब स्पेशल स्टाफ की टीम ने मानव सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर अंतरराज्यीय हथियार सप्लायर कुंवर पाल उर्फ कपिल को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से आठ देसी पिस्टल और दस जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। इस संबंध में बाबा हरिदास नगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि वह हरमेश सिंह उर्फ रमेश सिंह उर्फ मेचू के निर्देश पर दिल्ली में हथियारों की सप्लाई करने आया था। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था। इसके बाद अदालत से गैर-जमानती वारंट हासिल किए गए।
18 मई 2026 को पुलिस टीम ने मेवात क्षेत्र के जुरहेड़ा गांव में छापेमारी कर हरमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक आधुनिक पिस्टल, पांच देसी पिस्टल और दस जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हरमेश सिंह पहले से पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें