New Delhi news उत्तर-पश्चिम जिले के केशवपुरम थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए एक लापता व्यक्ति को सुरक्षित ढूंढकर उसके परिवार से मिला दिया। यह व्यक्ति मानसिक उपचाराधीन था और 24-25 मई की रात अपने घर से लापता हो गया था।
पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को केशवपुरम थाने में एक 29 वर्षीय व्यक्ति के लापता होने की शिकायत दर्ज की गई थी। बताया गया कि वह आईएचबीएएस अस्पताल में मानसिक उपचार ले रहा था और रात के समय घर से बिना बताए निकल गया था।
पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में सामने आया कि लापता व्यक्ति अकेले पैदल लगभग 5 किलोमीटर तक रिंग रोड से धौला कुआं की ओर जाता दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने उसका रूट मैप तैयार किया और व्यापक तलाश अभियान शुरू किया।
निरंतर प्रयासों के बाद 27 मई को हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सोहना सिटी थाना से सूचना मिली कि लापता व्यक्ति वहां भटकते हुए मिला है। सूचना मिलते ही केशवपुरम पुलिस टीम तुरंत गुरुग्राम पहुंची और उसे सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर दिल्ली लाई। इसके बाद उसे परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस अभियान में इंस्पेक्टर राजीव (एसएचओ केशवपुरम), एएसआई मोहित, हेड कांस्टेबल लक्ष्मीकांत, संजीव, सचिन और मुकेश की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से परिवार को बड़ी राहत मिली, विशेषकर बुजुर्ग पिता भावुक हो उठे जब उनका बेटा सुरक्षित घर लौटा।
New Delhi news

