New Delhi news पूर्वी जिला पुलिस ने आॅपरेशन स्ट्रीट शील्ड के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चेन स्नैचिंग और लूट की वारदात का खुलासा किया है। एएसबी सेल और थाना मयूर विहार की संयुक्त टीम ने एक घोषित अपराधी सहित कुख्यात लुटेरे को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान नीरज उर्फ गांजा उर्फ नरेश (29 वर्ष), निवासी त्रिलोकपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, वारदात में प्रयुक्त दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 की सुबह मयूर विहार फेज-1 क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान एक महिला से सोने की चेन झपट ली गई थी। विरोध करने पर आरोपी और उसके साथियों ने महिला के साथ धक्का-मुक्की कर चोट भी पहुंचाई और मौके से फरार हो गए थे। मामले में 25 मई को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर आरोपियों की पहचान की और न्यू अशोक नगर क्षेत्र से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले से ही हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है और न्यायालय द्वारा घोषित अपराधी भी था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है तथा लूटी गई चेन को आगे बेचने की जानकारी भी दी है। मामले में उसके अन्य फरार साथियों और रिसीवर की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूर्वी जिला पुलिस ने कहा है कि सड़क अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए आॅपरेशन स्ट्रीट शील्ड के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
New Delhi news

