ज्योति नगर में 17 वर्षीय किशोर की हत्या का मामला सुलझा, तीन आरोपी गिरफ्तार

New Delhi news  उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने ज्योति नगर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि करदमपुरी निवासी 17 वर्षीय किशोर को अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गली नंबर-4, करदमपुरी में तीन युवकों ने उस पर चाकू से हमला किया था।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बाद ज्योति नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र की मदद से तीन संदिग्धों की पहचान की। क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों अरमान (20) और अल्फैज (19) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक से उनकी पुरानी रंजिश थी।
आरोपी अरमान की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए गए। इसके बाद फरार चल रहे तीसरे आरोपी अमन खान (23) को भी ज्योति नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

New Delhi news

यहां से शेयर करें