ISKCON Noida: नोएडा इस्कॉन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, विशेष दर्शन और महाप्रसाद

ISKCON Noida: नोएडा, इस्कॉन नोएडा (गोविंद धाम) द्वारा इस वर्ष भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य उत्सव शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को सेक्टर-33 स्थित मुख्य मंदिर में होगा। इसके अलावा सेक्टर-151 एक्सप्रेसवे, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी और जेवर में भी जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु भाग ले सकें।

मंदिर प्रशासन की अपील के अनुसार, जन्माष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन प्रातः 4:30 बजे से रात्रि 12 बजे (मध्यरात्रि) तक खुला रहेगा। वीडियो संदेश में मंदिर पक्ष ने बताया कि दर्शन लगभग रात्रि 1:00-1:30 बजे तक उपलब्ध रह सकते हैं। इस दौरान सुंदर झांकी, फूल बंगला दर्शन और असीमित (अनलिमिटेड) प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। मंदिर परिसर की विशेष सफाई, रंग-रोगन और सजावट की जा रही है। भगवान को 251 प्रकार के व्यंजन अर्पित किए जाएंगे, जिनमें देशी-विदेशी व्यंजन, खीर, हलवा, सब्जियां, स्नैक्स और केक शामिल होंगे। पंचगव्य (दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस) तथा पुष्पों से विशेष अभिषेक होगा। पूरे दिन अखंड हरिनाम संकीर्तन और प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी।

अन्य प्रमुख कार्यक्रम:

शोभा यात्रा — 23 अगस्त 2026 (रविवार): सायं 3:30 बजे सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारे से शुरू होकर अट्टा मार्केट, सब मॉल, डीएम चौक, स्टेडियम, चौड़ा चौक और एडोब चौक होते हुए सायं 6:30 बजे इस्कॉन नोएडा मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान हरिनाम संकीर्तन, श्री कृष्ण-बलराम की सुंदर रथ सजावट और प्रसाद वितरण होगा। मंदिर पहुंचने पर डिनर प्रसाद मिलेगा। लगभग 1,500 भक्तों के शामिल होने की आशा है।
झूलन यात्रा — 23 से 28 अगस्त 2026: भगवान श्री राधा-कृष्ण को सुंदर झूले पर विराजमान कर झुलाया जाएगा। यह उत्सव बलराम जयंती तक चलेगा। प्रतिदिन लगभग 2,000 श्रद्धालुओं के दर्शन और झूलन में शामिल होने की संभावना है।
बलराम जयंती — 28 अगस्त 2026 (शुक्रवार): प्रातः 11 बजे से भजन-कीर्तन, विशेष अभिषेक, आध्यात्मिक प्रवचन और रंग-भरा प्रसाद वितरण। मटकी फोड़ उत्सव भी होगा। लगभग 1,500 श्रद्धालुओं की आशा।
श्रील प्रभुपाद आविर्भाव तिथि महामहोत्सव — 5 सितंबर 2026 (शनिवार): जन्माष्टमी के अगले दिन प्रातः 10 बजे से। लगभग 2,000 भक्तों के शामिल होने की उम्मीद।
श्री राधाष्टमी — 19 सितंबर 2026 (शनिवार): दोपहर 12 बजे से। विशेष अभिषेक, नई पोशाक और लगभग 3,000 श्रद्धालुओं की आशा।

जन्माष्टमी महोत्सव में लगभग 5 लाख श्रद्धालुओं (देश-विदेश से) के शामिल होने की संभावना जताई गई है। सुरक्षा के लिए नोएडा पुलिस की पूरी टीम सहयोग कर रही है। हजारों भक्त सेवादार विभिन्न सेवाओं में लगे रहेंगे। मेटल डिटेक्टर, फुल चेकिंग, सिक्योरिटी गार्ड और मंदिर वॉलंटियर्स (लगभग 4-5 हजार वॉलंटियर्स तथा 1,500 पुलिस सुरक्षा कर्मी) की व्यवस्था रहेगी। वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं से अनुरोध है कि वे अत्यधिक भीड़ से बचें और ऑनलाइन दर्शन करें।

पार्किंग व्यवस्था: एडोब चौक, सेक्टर-25 के पास जनसामान्य पार्किंग। विशेष निमंत्रण पत्रधारियों के लिए नोएडा आर्ट पार्किंग। कीमती सामान घर छोड़कर आने की सलाह दी गई है। आरटीओ के पीछे से रास्ता बनाकर वाहन पार्किंग की व्यवस्था है। मंदिर प्रशासन ने सभी नोएडा वासियों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को सपरिवार आमंत्रित किया है। इन उत्सवों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण, श्री बलराम, श्री राधारानी और श्रील प्रभुपाद की भक्ति, सेवा, कीर्तन और दर्शन का पावन अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें: Police Transfer: ट्रांस हिंडन में बड़ा फेरबदल, 87 पुलिसकर्मी इधर से उधर

यहां से शेयर करें