नोएडा सेक्टर-20 RWA के नए अध्यक्ष बने हरीश वर्मा, सर्वसम्मति से मिली जिम्मेदारी; सेक्टर को नंबर-1 बनाने का लिया संकल्प

Noida News: नोएडा के सेक्टर-20 में रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के नए अध्यक्ष के रूप में हरीश वर्मा को सर्वसम्मति से निर्विरोध चुना गया है। आरडब्ल्यूए के पूर्व अध्यक्ष रामपाल भाटी के निधन के बाद मंगलवार शाम सेक्टर-20 के बारात घर में आयोजित जनरल बॉडी मीटिंग में यह निर्णय लिया गया। आरडब्ल्यूए के सदस्यों ने एकमत होकर हरीश वर्मा को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद हरीश वर्मा ने सेक्टरवासियों का आभार जताते हुए सेक्टर-20 को नोएडा का नंबर-1 सेक्टर बनाने का संकल्प लिया।

रामपाल भाटी के निधन के बाद खाली हुआ था अध्यक्ष पद

सेक्टर-20 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष रामपाल भाटी के निधन के बाद अध्यक्ष पद रिक्त हो गया था। इसके बाद एसोसिएशन के सदस्यों ने आपसी सहमति से नए अध्यक्ष के चयन का फैसला किया। आरडब्ल्यूए के विधान के अनुसार, हरीश वर्मा वर्तमान में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। इसी क्रम में मंगलवार शाम आयोजित जनरल बॉडी मीटिंग में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से उन्हें अध्यक्ष नियुक्त करने पर सहमति जताई। हरीश वर्मा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने के बाद सेक्टर के निवासियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में सेक्टर की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

2011 से 2013 तक भी संभाल चुके हैं अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

हरीश वर्मा इससे पहले भी वर्ष 2011 से 2013 के बीच सेक्टर-20 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके पिछले कार्यकाल को लेकर एसोसिएशन से जुड़े लोगों का कहना है कि उस दौरान उन्होंने सेक्टर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य कराए थे। बताया जाता है कि उनके कार्यकाल के दौरान आरडब्ल्यूए के बैंक खाते में करीब 11 लाख रुपये की राशि शेष थी, जबकि अध्यक्ष बनने के समय खाते में लगभग डेढ़ लाख रुपये मौजूद थे। उनके समर्थक इसे वित्तीय प्रबंधन और संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारी का उदाहरण मानते हैं।

उनके पिछले कार्यकाल में सेक्टर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया था। इनमें बारात घर का निर्माण, पार्कों में गजीबो हट की व्यवस्था, सड़कों और सीवर व्यवस्था में सुधार तथा गैस पाइपलाइन बिछाने जैसे कार्य शामिल बताए जाते हैं।

दो मंजिला बारात घर से लेकर पार्कों तक के विकास में रही भूमिका

सेक्टर-20 के विकास में हरीश वर्मा की पिछली भूमिका को याद करते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के माध्यम से सेक्टर में दो मंजिला बारात घर का निर्माण कराने के लिए प्रयास किए थे। इसके अलावा पार्कों में गजीबो हट बनवाने और अन्य सुविधाओं को विकसित कराने में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई।

उनके कार्यकाल में सड़कों, सीवर और गैस पाइपलाइन से जुड़े कार्यों के साथ बिजली के तारों और खंभों को बदलवाने तथा ट्रांसफार्मर लगवाने जैसे कार्य भी कराए गए। इन विकास कार्यों के आधार पर सेक्टरवासियों को उम्मीद है कि नए कार्यकाल में भी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

फोनरवा में भी निभा चुके हैं जिम्मेदारी, भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के जिला अध्यक्ष हैं हरीश वर्मा

हरीश वर्मा सेक्टर-20 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष रहने के अलावा फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वर्तमान में वह भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के गौतमबुद्ध नगर जिला अध्यक्ष हैं।

सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रियता को देखते हुए समर्थकों ने उनके नए कार्यकाल को लेकर विश्वास जताया है। अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति के बाद उन्हें लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं।

सेक्टर-20 को नोएडा का नंबर-1 सेक्टर बनाने का लक्ष्य

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद हरीश वर्मा ने सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए के सदस्यों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पालन करेंगे।

उन्होंने संकल्प लिया कि सेक्टर-20 को पूरे नोएडा का नंबर-1 सेक्टर बनाने के लिए काम किया जाएगा। इसके तहत पार्कों को बेहतर बनाना, बारात घर की सुविधाओं में सुधार, सड़कों को गड्ढामुक्त कराना, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

हरीश वर्मा ने स्पष्ट किया कि सेक्टरवासियों की समस्याओं का समाधान और सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए संबंधित विभागों और नोएडा प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा।

जनरल बॉडी मीटिंग में ये सदस्य रहे मौजूद

सेक्टर-20 के बारात घर में आयोजित जनरल बॉडी मीटिंग में आरडब्ल्यूए के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक में महासचिव दिनेश ठाकुर, सह सचिव महेंद्र भंडारी, कोषाध्यक्ष भिक्की लाल शर्मा तथा सदस्य एससी मिश्रा, सुधाकर तिवारी, प्रदीप केवी, उमानंद रतूड़ी और राम रतन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सदस्यों ने हरीश वर्मा को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं और सेक्टर के विकास के लिए मिलकर काम करने की अपेक्षा जताई।

 

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से दो महिलाओं की मौत, चालक हिरासत में

यहां से शेयर करें