ग्रेटर नोएडा: इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अजय भनोट ने किया थीम पार्क का उद्घाटन, बाल गृहों में शिक्षा और पुनर्वास व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ग्रेटर नोएडा। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के न्यायमूर्ति एवं किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अजय भनोट ने रविवार को ग्रेटर नोएडा के फेस-2 स्थित राजकीय बाल गृह (किशोर) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नोएडा प्राधिकरण द्वारा विकसित विशेष थीम पार्क का उद्घाटन किया। यह पार्क निरुद्ध किशोरों के योग, खेलकूद, आउटडोर गतिविधियों और मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

उद्घाटन के बाद न्यायमूर्ति अजय भनोट ने बाल गृह में संचालित पायलट प्रोजेक्ट के तहत योग, मेडिटेशन, खेल, थिएटर, पेंटिंग और व्यावसायिक प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बाल गृह के किशोरों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनकी न्यायमूर्ति ने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इसके बाद न्यायमूर्ति अजय भनोट ने सेक्टर-62 स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) और राजकीय बाल गृह (किशोरी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां आवासित बालिकाओं एवं किशोरियों के लिए संचालित शिक्षा, कौशल विकास और पुनर्वास कार्यक्रमों की समीक्षा की तथा उन्हें और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति अजय भनोट और जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने थीम पार्क परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। न्यायमूर्ति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालक-बालिकाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, उन्हें बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव, न्यायिक शेल्टर होम कमेटी की चेयरमैन सीमा सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार, प्रधान मजिस्ट्रेट हृषीकेश पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी अजीत कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, नोएडा प्राधिकरण के उद्यान निदेशक आनंद मोहन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बाल गृहों के प्रभारी उपस्थित रहे।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा में समाज सेवा की मिसाल: राजस्थान कल्याण परिषद ने अंतिम निवास को भेंट किया ई-रिक्शा, अंतिम संस्कार की व्यवस्था होगी आसान

यहां से शेयर करें