Noida Police Mission Sahyog: नोएडा पुलिस का ‘मिशन सहयोग’, 101 गुम मोबाइल फोन बरामद, मालिकों को सौंपे
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट का ‘मिशन सहयोग’ अभियान लगातार कामयाबी की नई कहानियां लिख रहा है। सेंट्रल नोएडा पुलिस ने सर्विलांस तकनीक और सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से 101 लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन खोज निकाले हैं। इन सभी फोन को बुधवार को उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया। बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।
खुशी से चमके मालिकों के चेहरे
अपने खोए हुए फोन वापस पाकर लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। फोन मालिकों ने बताया कि उन्हें उम्मीद ही नहीं थी कि गुम हो चुके फोन कभी वापस मिल पाएंगे, लेकिन नोएडा पुलिस की मेहनत ने यह संभव कर दिखाया। मालिकों ने इसके लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
प्रेस वार्ता में डीसीपी ने दी जानकारी
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बुधवार को सूरजपुर स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इस अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये मोबाइल फोन भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, ऑटो-रिक्शा, बसों या पैदल चलते समय लोगों से गिर गए थे या गुम हो गए थे। इन सभी मामलों की शिकायतें जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज कराई गई थीं।
सर्विलांस और सीईआईआर पोर्टल से मिली सफलता
‘मिशन सहयोग’ के तहत पुलिस टीम ने सर्विलांस सिस्टम और सीईआईआर पोर्टल का इस्तेमाल करते हुए इन फोन को ट्रैक किया। बरामद किए गए 101 मोबाइल फोन अलग-अलग कंपनियों के थे और अलग-अलग वर्षों में गुम हुए थे। पुलिस ने सभी की पहचान सत्यापित करने के बाद उन्हें उनके मालिकों को सौंपा। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस दिलाई जा सके।

