Greater Noida Knowledge Park drug smuggler arrested: ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नॉलेज पार्क पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं।
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 1 किलो 50 ग्राम शिलॉन्ग गांजा, 70 ग्राम शैंपेन एमडी, 75 ग्राम ओजी (ओरिजिनल ग्रोअर कैलिफोर्निया वीड), 144 एमडीएमए एक्स्टसी गोलियां और 63 ग्राम हैश बरामद हुआ है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी पुलिस ने बरामद किया है।
कैसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नॉलेज पार्क तृतीय पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग इस तरह के कारोबार में सक्रिय हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस सक्रिय हुई। आरोपी क्राउन एक्सपो की ओर से एक्सपो मार्ट की तरफ जा रहे थे, तभी रास्ते में पड़ने वाली एक पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
स्कूल-कॉलेज के बच्चों को करते थे सप्लाई
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पोर्टर के जरिए नशे का सामान मंगवाते थे और फिर स्कूल-कॉलेज व हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों को इसकी सप्लाई करते थे। आरोपी करीब 3 से 4 हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से नशा बेचते थे। पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज यानी माल कहां से आता था और आगे कहां-कहां सप्लाई होता था, इसकी विवेचना कर रही है।
कौन हैं आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्तों की उम्र 22 से 29 साल के बीच बताई गई है। इनमें एक आरोपी फर्रुखाबाद, एक अल्मोड़ा (उत्तराखंड) और दो आरोपी कुलेसरा व हल्द्वानी (थाना ईकोटेक क्षेत्र) के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी कुछ ही समय से यह कारोबार कर रहे थे।
ADCP का बयान
मामले पर बयान देते हुए ग्रेटर नोएडा के ADCP संतोष कुमार ने बताया कि पकड़े गए माल की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है ताकि नशा तस्करी के अन्य सूत्रों का भी पता लगाया जा सके। पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से भी अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें, ताकि इस तरह के नशा तस्करी नेटवर्क को समय रहते रोका जा सके।

