ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर क्षेत्र के खेड़ी भनौता गांव में गुटखा मांगने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसी ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दुकानदार पर फायर कर दिया। गोली दुकानदार के पेट के निचले हिस्से को छूते हुए बाहर निकल गई। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, घायल की पहचान उदय प्रताप (42 वर्ष) पुत्र हरिश्चंद्र निवासी खेड़ी भनौता, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्ध नगर के रूप में हुई है। उदय प्रताप अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी पड़ोस में रहने वाला सुरेंद्र फौजी पुत्र राम सिंह वहां पहुंचा और गुटखा मांगने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र फौजी ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उदय प्रताप पर गोली चला दी। गोली पेट के निचले हिस्से से लगते हुए बाहर निकल गई। सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
अस्पताल में सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि गोली शरीर के अंदर नहीं फंसी है तथा किसी भी आंतरिक अंग को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा है। फिलहाल घायल की हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर है। पीड़ित के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सुरेंद्र फौजी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है। पुलिस का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

