Greater Noida (Badalpur): सरिया लदा कैंटर अनियंत्रित होकर घुसा किराना दुकान में , ड्राइवर की मौत

Greater Noida (Badalpur): गुरुवार देर रात करीब 11 बजे ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र के छपरौला में जीटी रोड पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। सिकंदराबाद से रोहतक जा रहा सरिया से लदा एक कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित महेश किराना स्टोर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

हादसे की सूचना मिलते ही बादलपुर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि चालक केबिन में फंसा हुआ था। उसे निकालने के लिए दमकल विभाग की टीम और हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नरेश कुमार (25), पुत्र रामचंद्र सिंह, निवासी ग्राम बड़ापुरा, थाना सोरों, जिला कासगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच चल रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: DC Movie Review: लोकेश कनगराज की एक्टिंग डेब्यू फिल्म विजुअली स्ट्राइकिंग लेकिन स्क्रीनप्ले में कमजोर, लेकिन कहानी अधूरी रह गई, 3 स्टार रेटिंग

यहां से शेयर करें